रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं के साथ देशभक्ति की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रस्तुतियों के बीच आयोजित स्पर्धा में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग ने प्रथम स्थान, छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग ने द्वितीय स्थान और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।
सरगुजा संभाग की प्रस्तुति रही प्रथम
सरगुजा संभाग के 286 स्कूली छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्, जय हिंद हम सबका अभिमान’ जैसे रिमिक्स गीतों पर जोशीली और देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने अपने नृत्य और गीत के माध्यम से वंदे मातरम् के 150 वर्षों की तपस्या, मातृभूमि के प्रति अनंत प्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना को मंच पर जीवंत किया।
प्रस्तुति में युवा शक्ति से लैस होकर नई ऊंचाइयों को छूते भारत की तस्वीर भी आकर्षक अंदाज में दिखाई गई। विद्यार्थियों के सामूहिक नृत्य, गीत और शानदार तालमेल ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया और इसी के चलते सरगुजा संभाग को प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त हुआ।
दुर्ग संभाग ने दिखाई राष्ट्रप्रेम की झलक
पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति में अलग-अलग अवसरों पर होने वाले पारंपरिक एवं सांस्कृतिक नृत्यों की सुंदर झलक पेश की।
बच्चों ने अपनी भावनाओं को कदमों की लय, ऊर्जा और सामूहिक नृत्य के माध्यम से राष्ट्रप्रेम से जोड़ा। प्रस्तुति में देश की प्रगति, विविधता और सांस्कृतिक विरासत को भी खूबसूरती से दर्शाया गया। दुर्ग संभाग की इस आकर्षक प्रस्तुति को प्रतियोगिता में दूसरा स्थान मिला।
रायपुर संभाग ने सैनिकों के शौर्य को किया जीवंत
मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े’ फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को मंच पर जीवंत किया।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए देश की रक्षा में सैनिकों के योगदान और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया। रायपुर संभाग की प्रस्तुति को प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
देशभक्ति और संस्कृति का दिखा संगम
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों में देशभक्ति का जज्बा जगाया, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की। अलग-अलग संभागों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सामूहिक मेहनत के जरिए स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

Facebook Conversations