दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा ‘संकल्प अभियान – नशा मुक्ति’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात पुलिस और दुर्ग पुलिस की टीम सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आम नागरिकों, बस चालकों और ऑटो चालकों को जागरूक कर रही है।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत दुर्ग बस स्टैंड, दुर्ग रेलवे स्टेशन, पावर हाउस रेलवे स्टेशन, सुपेला, घड़ी चौक, पुलगांव चौक, कुम्हारी, सिरसा गेट, चरोदा और मरोदा सहित जिले के प्रमुख स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान पोस्टर और प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को नशे के अवैध कारोबार की पहचान, इसके दुष्परिणाम और पुलिस को सूचना देने के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। वहीं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मॉल की LED स्क्रीन पर नशामुक्ति से जुड़े शॉर्ट वीडियो भी प्रसारित किए जा रहे हैं।
तीन स्तरों पर काम कर रही दुर्ग पुलिस
नशे की समस्या से निपटने के लिए पुलिस तीन स्तरों पर कार्य कर रही है। इसमें गांव, वार्ड और शिक्षण संस्थानों तक जागरूकता पहुंचाना, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना तथा नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ना शामिल है।
नशे से संबंधित सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास मादक पदार्थों या अन्य नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
मानस हेल्पलाइन: 1933
ए.एन.टी.एफ. दुर्ग हेल्पलाइन: 94791-5151
पुलिस ने लोगों से नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों का तिरस्कार करने के बजाय उन्हें उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरित करने की अपील की है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।