दुर्ग। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 23 से 27 नवंबर 2026 के बीच जिले के 6 थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 8 आबकारी प्रकरण दर्ज किए और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 256 पाव देशी और विदेशी शराब, बिक्री की नगदी रकम और शराब परिवहन में इस्तेमाल किया गया एक एक्टिवा वाहन जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, थाना वैशाली नगर, पुरानी भिलाई, सुपेला, मोहन नगर, उतई और भिलाई नगर क्षेत्र में मुखबिर की सूचना और पेट्रोलिंग के दौरान मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई।
वैशाली नगर में दो आरोपी गिरफ्तार
वैशाली नगर पुलिस ने गंदा नाला छपरा मोहल्ला और विकास पारा मैदान, रमणगर में दबिश देकर मोहम्मद आजाद उर्फ टिल्लू और चंदन नेताम को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 61 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 10.980 बल्क लीटर और कीमत 4,880 रुपये बताई गई है।
पुरानी भिलाई में 30 पाव शराब जब्त
पुरानी भिलाई पुलिस ने ग्राम सिरसा भाठा नर्सरी के पास कार्रवाई करते हुए टिपेन्द्र दास वैष्णव को पकड़ा। उसके कब्जे से 30 पाव देशी मसाला शराब, कुल 5.400 बल्क लीटर, जब्त की गई।
सुपेला में एक्टिवा से शराब बिक्री
सुपेला पुलिस ने आर.के. मैदान, कांग्रेस भवन के सामने मरून रंग के एक्टिवा से शराब बेच रहे राहुल उर्फ उदित तेलंग को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 14 पाव देशी शोले प्लेन और 25 पाव अंग्रेजी गोवा स्पेशल शराब, बिक्री की 200 रुपये नगदी और एक्टिवा वाहन क्रमांक CG-07-CM-0969 जब्त किया गया।
मोहन नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई
मोहन नगर पुलिस ने धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई की। इसके अलावा उतई और भिलाई नगर थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। भिलाई नगर पुलिस ने दो मामलों में 66 पाव देशी शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उतई क्षेत्र में शराब बिक्री से संबंधित 150 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।