सरकारी योजनाओं के काम में तेजी लाएं अधिकारी, तय समय-सीमा में पूरा करें लक्ष्य: CEO जिला पंचायत

त्वरित खबरें : भूमिका रिपोर्टिंग

बालोद। जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सुनील कुमार चंद्रवंशी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। 27 नवंबर को जिला पंचायत में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, आवास निर्माण, स्वच्छता और महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में CEO ने वीबी-जीरामजी के तहत स्वीकृत सभी कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराया जाए। रोजगार उपलब्ध कराने से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण जल्द शुरू कराने और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया। अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

14 दिसंबर तक पंचायतों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के लिए करना होगा तैयार

स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड से प्रथम चरण में पांच-पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इन पंचायतों को 14 दिसंबर तक माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के अंतर्गत कपड़ा मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए समयबद्ध तरीके से आवश्यक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।

आजीविका मिशन की गतिविधियों की भी हुई समीक्षा

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित गतिविधियों पर भी एजेंडावार चर्चा की गई। CEO ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से काम करें। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति में सुधार लाएं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।