भिलाई। भिलाई स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते भारत में उपलब्ध नए अवसरों का लाभ उठाने और अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने की सलाह दी।
मंत्री चौधरी ने कहा कि अब समय बदल चुका है। पहले बच्चों को केवल सरकारी नौकरी के लिए तैयार किया जाता था, लेकिन आज स्टार्टअप, उद्यमिता, खेल, कला और तकनीक सहित कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावनाएं हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर स्कूल टॉपर बनने का दबाव न डालें, बल्कि उनकी प्रतिभा और रुचि को पहचानकर प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंकों से नहीं मिलती। इसके लिए आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने का जज्बा जरूरी है।
छोटे गांव से आईएएस और राजनीति तक का सफर साझा किया
अपने संघर्षों को याद करते हुए ओपी चौधरी ने बताया कि वे एक छोटे से गांव से निकलकर पढ़ाई के लिए भिलाई आए थे। महज 8 साल की उम्र में पिता को खोने के बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया। मां की सीमित शिक्षा और संघर्षों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में आईएएस बने।
उन्होंने करीब 13 वर्षों तक रायपुर, जांजगीर और दंतेवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा।
छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे शिक्षा के अवसर
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, निफ्ट, नाइलेट और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान मौजूद हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नए कोर्स और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए रूंगटा ग्रुप की सराहना की।
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।