बस्तर में छिपा था ओडिशा का मोस्ट वांटेड, शराब दुकान के पास पुलिस ने बिछाया जाल और दबोच लिया...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोटिंग

जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर स्थित नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में पहुंचकर एक हिस्ट्रीशीटर को घेर लिया। शराब दुकान के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को चारों तरफ से घेरकर पिस्टल की नोक पर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में हुई है, जो ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचा था।

चारों तरफ से घेरा, भागने का नहीं मिला मौका

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस को टुन्ना महाजन के जगदलपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने नए बस स्टैंड के पास शराब दुकान के करीब उसे घेर लिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को चारों तरफ से घेरकर काबू में किया और मौके से अपने साथ ले गई।इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उसके सिर के पास पिस्टल तना हुआ नजर आ रहा है। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी की आवाज भी वीडियो में सुनाई देती है- “ज्यादा हुआ तो गोली मार देंगे।”

चोरी-डकैती के कई मामलों में है नाम

ओडिशा पुलिस के मुताबिक, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है। इसी मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी

बस्तर के मंदिरों में चोरी से भी जुड़ा कनेक्शन

पुलिस के अनुसार, टुन्ना महाजन के तार बस्तर में हुई चोरी की कुछ वारदातों से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इनमें गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं। अब पुलिस इन वारदातों में उसकी कथित भूमिका की भी जांच कर रही है।

पिस्टल और चोरी का सोना बरामद

ओडिशा पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किया गया है। बरामद सामान को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।