जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की बैठक लेकर खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल मैदानों और अधोसंरचना की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर देने की। उन्होंने खेल कैलेंडर के अनुसार नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित कर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान करने के निर्देश दिए। चयनित खिलाड़ियों को उनकी क्षमता के अनुसार लगातार प्रैक्टिस, फिटनेस और तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
सभी खेलों को प्राथमिकता, तीरंदाजी पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने कहा कि केवल चुनिंदा खेलों तक सीमित रहने के बजाय जिले में सभी खेलों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। कबड्डी और बैडमिंटन के साथ तीरंदाजी जैसे खेलों में भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और नियमित प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन खेलों में बच्चों की रुचि और प्रतिभा दिखाई दे रही है, वहां विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की मदद से बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल कर सकें।
मैदान और खेल सुविधाओं की कमी होगी दूर
बैठक में खेल मैदानों की स्थिति और आवश्यक खेल संसाधनों की कमी को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर मैदान और पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खेल अधोसंरचना के विस्तार की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
स्वर्ण पदक विजेता रूपेश चनापे से मिलीं कलेक्टर
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने राज्य स्तरीय दिव्यांग तैराकी प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता रूपेश चनापे से मुलाकात की और उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग सहित जिले के सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनकी क्षमता के अनुरूप बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। रूपेश चनापे को बेहतर स्विमिंग प्रैक्टिस के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य करने की बात कही गई।