भाजपा का ‘गांव चलो-घर चलो’ अभियान तेज: उतई मंडल के कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं का लिया फीडबैक

त्वरित ख़बरें

दुर्ग @ भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत चल रहे द्वितीय चरण में ‘गांव चलो, घर चलो, बस्ती चलो’ अभियान को उतई मंडल में व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत भाजपा उतई मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों—मचादूर, खोपली, घुघसीडीह, चिरपोटी, करगाडीह एवं उतई—में घर-घर पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलकर उनकी समस्याओं, अनुभवों और सुझावों को जानना रहा। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से बातचीत कर यह समझने का प्रयास किया कि योजनाओं का लाभ उन्हें किस प्रकार मिल रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। इस दौरान कई लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए अपने अनुभव साझा किए, वहीं कुछ लोगों ने अपनी समस्याएं भी सामने रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

इसके साथ ही अभियान के दौरान विभिन्न गांवों में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से भी मुलाकात की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका सम्मान कर संगठन के प्रति उनके योगदान को सराहा और आने वाले समय में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अभियान में मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमुख रूप से महामंत्री प्रवीण यदु, चंदू देवांगन, वृत्ताकार सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष फत्तेलाल वर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष एवं उतई मंडल प्रभारी श्वेता यादव, करण सेन, फलेंद्र राजपूत, पार्षद सतीश चंद्राकर, लक्ष्मीनारायण साहू, विमला कामड़े, एकता चंद्राकर, मोतिम ठाकुर, दनेश्वरी देशमुख, शुभम वर्मा, पूजा चंद्राकर, लोकेश्वर चंद्राकर, ओमन लाल साहू, अशोक देवांगन, बसंत सोनवानी, घनश्याम साहू, राजूलाल साहू, घनश्याम चंद्राकर, देवेंद्र भारती, धनराज गजपाल, लेखराम साहू, हितेश साहू, सोमन साहू, मंजू वर्मा, राकेश देवगण सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने इसे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बताया। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस प्रकार के अभियानों से न केवल योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन होता है, बल्कि जनता के साथ पार्टी का जुड़ाव भी और मजबूत होता है।