विश्व आदिवासी दिवस नहीं मनाने पर कांग्रेस का BJP सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव: राजीव भवन में हुई आदिवासी कांग्रेस की बैठक
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन में आदिवासी कांग्रेस कार्यकारिणी समिति एवं आदिवासी सलाहकार परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान आदिवासी समाज के अधिकारों, वन अधिकार अधिनियम, पेसा कानून और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

वनाधिकार पट्टे और जल-जंगल-जमीन के मुद्दे पर चर्चा

बैठक में वन अधिकार अधिनियम और पेसा कानून के अनुपालन की जानकारी ली गई। वनाधिकार पट्टों और जल, जंगल, जमीन से जुड़े आदिवासी हितों की कथित उपेक्षा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने आदिवासी समाज के अधिकारों और हितों को लेकर संगठन स्तर पर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने की बात कही।

बैठक में संसाधनों के असंतुलित दोहन से उत्पन्न पर्यावरणीय संकट और उससे प्रभावित हो रहे आदिवासियों के अधिकारों एवं हितों पर भी गहन मंथन किया गया। इसके साथ ही आदिवासी समाज की आवाज को मजबूती से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

विश्व आदिवासी दिवस नहीं मनाने पर निंदा प्रस्ताव

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार द्वारा विश्व आदिवासी दिवस नहीं मनाए जाने को लेकर निंदा प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

निंदा प्रस्ताव में कहा गया कि विश्व आदिवासी दिवस के दिन राज्य सरकार की ओर से कोई आयोजन नहीं किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सहित सत्तारूढ़ दल के मंत्रियों, विधायकों और नेताओं ने इस अवसर पर राज्य के आदिवासी समाज को बधाई देने की औपचारिकता भी नहीं निभाई।

कांग्रेस ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आदिवासी अस्मिता और गौरव का दिन है। यह दिन दुनिया के सामने आदिवासी समाज की एकता और संस्कृति को प्रस्तुत करने का अवसर है।

भाजपा और आरएसएस पर कांग्रेस के आरोप

निंदा प्रस्ताव में कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर आदिवासी संस्कृति और अधिकारों को लेकर आरोप लगाए। कांग्रेस का कहना है कि आदिवासियों को उनके जल, जंगल और जमीन के अधिकारों से वंचित करने के लिए उन्हें ‘वनवासी’ कहकर उनकी पहचान को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासियों के संसाधनों को अपने उद्योगपति मित्रों को सौंपना चाहती है। प्रस्ताव में कहा गया कि विश्व आदिवासी दिवस की अनदेखी कर भाजपा सरकार ने आदिवासी समाज का अपमान किया है।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव, डॉ. शिवकुमार डहरिया, अमरजीत भगत, विधायक, पूर्व विधायक समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations