जरा हटके जरा बचके के प्रमोशन के दौरान विक्की कौशल ने मीडिया से अपनी लव लाइफ और फाइनेंस मैनेजमेंट पर बात की। बातचीत के दौरान विक्की कौशल ने बताया कि कटरीना कैफ हर हफ्ते घर पर पूरे स्टाफ के साथ बैठती हैं और बजट को लेकर मीटिंग करती हैं।
इस मीटिंग में हफ्तेभर के खर्च का हिसाब होता है। विक्की ने ये भी बताया की वो इस मीटिंग में पॉपकॉर्न लेकर बैठते हैं और मीटिंग को काफी एंजॉय करते हैं।

बजट मीटिंग में मैं पॉपकॉर्न लेकर बैठ जाता हूं: विक्की
न्यूज तक से हुई बातचीत में विक्की में बताया कि कटरीना की वीकली बजट मीटिंग बहुत मजेदार होती है। इस मीटिंग में सब कुछ डिस्कस किया जाता है- पैसे कहां खर्च हो रहे हैं, कैसा सामान आ रहा है से लेकर बजट भी सेट किया जाता है। ये बहुत अच्छी चीज है।
कटरीना ये सारी चीजें चेक करती हैं। हालांकि, मेरा काम इस मीटिंग में ऑडियंस भर का ही होता है। मैं पॉपकॉर्न लेकर बैठ जाता हूं और एंजॉय करता हूं।

हम कोशिश करते हैं की कम से कम पैसे खर्च हों: विक्की
विक्की कौशल ने बताया की कटरीना की तुलना में विक्की कहीं ज्यादा बचत कर लेते हैं। लेकिन, जब कभी भी वो शॉपिंग पर जाते हैं तो दोनों कोशिश करते हैं की कम से कम खर्च हो।
उन्होंने कहा- शॉपिंग के दौरान कौन ज्यादा खर्च करता है और कौन कम ये दरअसल इस बात पर डिपेंड करता है कि जो भी सामान खरीदा जा रहा है वो किसकी पसंद का है।
अगर कोई चीज ऐसी है जो महंगी है और मैं उसे खरीदना चाहता हूं तो कटरीना कहती हैं कि ये हमारे बजट से बाहर है।
वहीं, जब कोई चीज उन्हें पसंद हो और उन्हें खरीदनी होती है तब मैं ये बोल रहा होता हूं कि इतना खर्चा क्यों करना इस पर..फिर वो कहती हैं कि नहीं, ये मुझे अच्छी लगती है, पसंद है..मुझे चाहिए है, ऐसा चलता रहता है हमारा।
बार की जगह कटरीना के लिए ट्रे लेकर खड़े हो जाऊंगा : विक्की
बीते दिनों फिल्म जरा हटके जरा बचके के प्रमोशन के दौरान विक्की ने ये भी बताया था कि कटरीना ने कई बार घर पर बार सेटअप करने की डिमांड की है।
विक्की ने कहा- घर के फर्नीचर को लेकर हमारी बातें होती रहती हैं। मैडम (कटरीना) घर पर ही बार पीस सेटअप करना चाहती हैं।
मैंने देखा कि इसमें कितना खर्च आएगा और मैं प्राइस टैग देखकर हैरान रह गया। बार-सेटअप करना इतना महंगा है कि इससे अच्छा तो मैं खुद ट्रे लेकर खड़ा हो जाऊं, और ड्रिंक सर्व कर दूं। ये पूरा पीस खरीदने से तो कहीं सस्ता है।

कटरीना ने खुद उठाया था अपनी शादी का 75% खर्च
कटरीना कैफ और विक्की कौशल ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान के सवाई माधोपुर में सिक्स सेंसेस फोर्ट में शादी की थी। रिपोर्ट के मुताबिक शाही शादी का 75% खर्च खुद कटरीना ने उठाया था जबकि विक्की ने 25% खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली थी। शादी में कटरीना ने मेहमानों के आने और ठहरने से लेकर आउटफिट, डेकोरेशन, वेडिंग कार्ड, सिक्यूरिटी का पूरा खर्चा उठाया था।
कटरीना की नेटवर्थ विक्की से 9 गुना
कटरीना बॉलीवुड में विक्की की सीनियर हैं। कटरीना ने 2003 में फिल्म बूम से बॉलीवुड में डेब्यू किया था और वो इंडस्ट्री में 18 साल गुजार चुकी हैं। कटरीना की तकरीबन 224 करोड़ रूपए की नेटवर्थ है। एक फिल्म के लिए कटरीना 11 करोड़ रुपए चार्ज करती हैं।

वहीं, विक्की की बात करें तो उन्होंने 2015 में फिल्म मसान से डेब्यू किया था। उन्हें इंडस्ट्री में अभी केवल 8 साल हुए हैं। वो एक फिल्म के तकरीबन 3-4 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं। ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए उन्हें 2-2.5 करोड़ रुपए मिलते हैं। विक्की की नेटवर्थ 25 करोड़ रूपए है, यानी कटरीना की नेटवर्थ से 9 गुना कम। इस तरह दोनों की नेटवर्थ को मिलाकर देखा जाए तो ये तकरीबन 249 करोड़ के आसपास है।

Facebook Conversations