दुर्ग। नगरीय निकाय निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत जिले में निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर को किया गया। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया और निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। इनका निराकरण 3 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि नगर पालिक निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा तथा नगर पालिका परिषद जामुल के अंतर्गत कुल 170 वार्डों में 744 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन नगरीय निकायों में कुल 5,07,704 मतदाता हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 23 अक्टूबर 2026 की स्थिति में मतदाताओं की संख्या, 21 फरवरी 2026 की एसआईआर के पश्चात मतदाताओं की संख्या तथा 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति में पूरक मतदाताओं की संख्या की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2026 के लिए नियुक्त रजिस्ट्रीकरण, सहायक रजिस्ट्रीकरण एवं अतिरिक्त रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में प्रारूप-क, प्रारूप-ग-1, प्रारूप-ख एवं प्रारूप-ग के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।
बैठक के समापन के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन की प्रतियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर एडीएम श्री वीरेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सिल्ली थॉमस, सभी एसडीएम तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Conversations