रायपुर 10 मई 2022
अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में उतरने से पहले कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं पर फोकस किया है। विधायक ने अपने क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं के घर पर नेमप्लेट लगा रहे हैं। इस पर कार्यकर्ता का नाम, वार्ड का नाम के साथ कांग्रेस का चुनाव चिन्ह भी लगा हुआ है।
विधायक विकास उपाध्याय ने संत रविदास वार्ड और ईश्वरीचरण शुक्ल वार्ड में जनसंपर्क किया। सोनिया गांधी जनसंपर्क यात्रा के तौर पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत उन्होंने सहदेव नायक, भरथरी निषाद आदि दर्जनों कार्यकर्ताओं के घर पर खुद नेम प्लेट लगाया। इस दौरान उन्होंने अपने नेताओं के साथ समर्पित कार्यकर्ताओं के जिंदाबाद का भी नारा लगाया।
इस अभियान के बारे में विकास उपाध्याय ने बताया, अपने क्षेत्र में इन दिनों वे सोनिया गांधी जन संपर्क यात्रा निकाल रहे हैं। इसमें क्षेत्रीय जनता से मुलाकात हो रही है। उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने की कोशिश हो रही है। उनकी मांगों के अनुरूप काम करने की बात हो रही है। इसकी वजह से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। मैंने तय किया है कि वार्ड में कांग्रेस के खांटी और समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाने के लिए ऐसे नेम प्लेट लगाउंगा। प्रत्येक वार्ड में ऐसे करीब 100 कार्यकर्ताओं के घरों पर एक जैसा नेमप्लेट होगा। उनकी कोशिश है कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में तीन हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के घरों पर ऐसे नेम प्लेट लगाए जाएंगे।
पिछले महीने शुरू हुई थी यात्रा
विधायक विकास उपाध्याय की सोनिया गांधी जनसंपर्क यात्रा पिछले महीने शुरू हुई थी। इस दौरान नागरिक समूहों से अलग-अलग बातचीत के अलावा विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी हो रहा है। इसमें मंदिर, घाट, तालाबों का साैंदर्यीकरण, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, सड़क, नाली निर्माण जैसे काम शामिल हैं।
पिछले चुनाव में राजेश मूणत को हराया था
विकास उपाध्याय 2018 के चुनाव में पहली बार विधायक चुने गए। उन्होंंने रायपुर पश्चिम सीट पर भाजपा के चुनावी प्रबंधकों में से एक राजेश मूणत को 12 हजार 212 वोटों के अंतर से हराया था। पिछली सरकार में राजेश मूणत लोक निर्माण, आवास और परिवहन विभाग के मंत्री थे। संभावना है कि अगले चुनाव में उनकी दोबारा टक्कर हो सकती है।

 
                                           
                    
                    






 
            
            
 
             
            
            
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                            
Facebook Conversations