जिले में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं की वार्षिक परीक्षा बुधवार से शुरू होगी। जो 31 तक चलेगी। वहीं कक्षा 10 वीं की परीक्षा 2 मार्च से शुरू होगी। जो 24 मार्च तक चलेगी। परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को तैयारियां चलती रही। बालोद के आत्मानंद आदर्श बालक उमावि में शाम 4.30 बजे शिक्षक बेंच पर रोल नंबर लिखते नजर आए। यहां सीसीटीवी कैमरे के निगरानी में आत्मानंद आमापारा सहित निजी स्कूल के छात्र-छात्राएं परीक्षा दिलाएंगे।
वहीं बालक व कन्या उमावि के विद्यार्थी सरस्वती शिशु मंदिर गंजपारा में परीक्षा दिलाने पहुंचंेगे। सुबह 8 बजे पटवारियों की मौजूदगी में थाने से केंद्राध्यक्षों को गोपनीय सामग्री का वितरण किया जाएगा। तीन साल बाद इस बार 100 प्रतिशत कोर्स के आधार पर प्रश्न पत्र में सवाल रहेगा। जिसको हल करने 3 घंटे का समय मिलेगा। इसके पहले कोरोना काल की वजह से ऑनलाइन व ऑफलाइन परीक्षा में 60-80% कोर्स के आधार पर प्रश्नपत्र में सवाल थे। वैसे पिछले साल भी ऑफलाइन परीक्षा हुई थी लेकिन 60% के हिसाब से सवाल पूछे गए थे।
बालोद जिले में इस बार बनाए तीन नए सेंटर
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस बार शासकीय बुनियादी उमावि बालोद, मॉडल शासकीय आदर्श उमावि डौंडी और जेवरतला रोड (डौंडीलोहारा) में बोर्ड परीक्षा आयोजित कराने की अनुमति दी है। शिक्षा विभाग के अनुसार इस साल 109 केंद्रों में बोर्ड परीक्षा होगी। कुल 22 हजार 185 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कक्षा 10वीं में 11 हजार 239 और कक्षा 12वीं में 10 हजार 946 परीक्षार्थी है। पिछले साल कक्षा 12वीं की परीक्षा में 10 हजार 542 और 10वीं की परीक्षा में 12 हजार 147 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस तरह दोनों कक्षा में 22 हजार 689 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जबकि इस साल परीक्षार्थियों की संख्या 22 हजार 185 है। इस लिहाज से पिछले साल की तुलना में इस बार 504 विद्यार्थी कम शामिल होंगे। जबकि तीन केंद्र ज्यादा है। डीईओ मुकुल केपी साव ने बताया कि नकल प्रकरण रोकने कुल 14 उड़नदस्ता टीम बनी है। जिसमंे जिला प्रशासन के 8, डीईओ के एक और बीईओ के 5 टीम शामिल है। टीम में शामिल सदस्य परीक्षा के दिन स्कूलों का दौरा करेगी।
शहर के स्टूडेंट्स का सेंटर दल्ली के निर्मला स्कूल में
बोर्ड के पहले सीबीएसई कक्षा 10वीं का बोर्ड एग्जाम चल रहा है। शहर के एक मात्र सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूल अरिंहत स्कूल के विद्यार्थियों को दल्लीराजहरा के निर्मला स्कूल में परीक्षा दिलाना पड़ रहा है क्योंकि बालोद में हनी स्कूल में सीबीएसई का केंद्र नहीं है। परीक्षा के दिन 30 किलोमीटर का सफर करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों व पालकों ने मांग किया है कि बालोद में ही परीक्षा के लिए केंद्र बनाया जाए या मालीघोरी के जवाहर नवोदय विद्यालय में परीक्षा दिलाने की अनुमति दी जाए ताकि लंबा सफर तय न करना पड़ें।
छात्र-छात्राओं व पालकों को यह भी जानना जरूरी
वार्षिक परीक्षा का समय सुबह 9 से दोपहर 12.15 तक निर्धारित है। माशिमं की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक केंद्र व रोल नंबर अनुसार निर्धारित स्थान में बैठना होगा। 5 मिनट बाद यानी 9.05 बजे उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। जिसमें छात्रों को अपने रोल नंबर समेत पूछी गई सारी जानकारी भरना होगा। सुबह 9.10 बजे प्रश्न पत्र का वितरण किया जाएगा। जिसे पढ़ने के लिए परीक्षार्थियों को 5 मिनट का समय दिया जाएगा। सवा 9 बजे से परीक्षार्थी प्रश्न पत्र में पूछे गए सवालों के उत्तर लिखना शुरू करेंगे।
हिंदी में 36, अंग्रेजी में 33 सवाल का जवाब लिखना होगा
शिक्षा विभाग के अनुसार कक्षा 12वीं के परीक्षार्थियों को हिंदी में 36, अंग्रेजी में 33 तथा मुख्य विषयों के 26-26 प्रश्न हल करने होंगे। इसी तरह 10वीं के परीक्षार्थियों को प्रत्येक पर्चे में 18-18 सवाल हल करने होंगे। इनमें एक शब्द में उत्तर लिखो, अति लघुत्तरीय, लघु उत्तरीय, दीर्घ उत्तरीय, अति दीर्घ उत्तरीय और निबंधात्मक सवाल पूछे जाएंगे। वहीं 10वीं के प्रत्येक विषय के प्रश्न पत्र 75-75 अंक के और प्रायोगिक या फिर प्रोजेक्ट वर्क में 25 अंक दिए जाएंगे। इसी तरह 12वीं में गणित का पर्चा 100 अंक का होगा, लेकिन हिंदी और अंग्रेजी 80-80 और अन्य विषयों के पर्चे 70-70 अंकों के होंगे। 20-20 अंक प्रोजेक्ट के और 30-30 अंक प्रायोगिक कार्य के होंगे।

Facebook Conversations