तमिलनाडु के चेन्नई में एक नाबालिग लड़की ने सेक्सुअल हरासमेंट से तंग आकर जान दे दी। यह लड़की चेन्नई के एक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। पिछले हफ्ते चेन्नई के मंगाडू स्थित उसके घर में उसका शव पंखे से लटकता पाया गया। शनिवार को उसका सुसाइड नोट मिलने के बाद पूरा मामला स्पष्ट हुआ। लड़की ने अपने सुसाइड नोट की शुरुआत में लिखा है, सेक्सुअल हरासमेंट को रोकिए। साथ ही उसने इसमें पीड़ित के मानसिक दुख का भी जिक्र किया है। लड़की ने यहां तक लिखा है कि केवल मां की कोख और कब्र ही लड़कियों के लिए सुरक्षित जगह है।
लड़कों को लड़कियों का सम्मान करना सिखाएं मां-बाप
लड़की ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि सभी माता-पिता अपने बेटे को लड़कियों का सम्मान करना सिखाएं। इंडिया टुडे के मुताबिक छात्रा ने लिखा है कि एक लड़की को रिश्तेदारों और अध्यापकों का भी भरोसा नहीं करना चाहिए। लड़की के मुताबिक रिश्तेदारों का घर और स्कूल भी सुरक्षित नहीं होते। उसने लिखा है एक लड़की के लिए धरती पर अगर कोई सबसे सुरक्षित जगह है तो वह है मां की कोख या फिर कब्र।
बर्दाश्त के बाहर हो चुका था यह सब
लड़की के परिवार वालों के मुताबिक लड़की पहले जिस स्कूल में पढ़ती थी वहां से शोषण के मामले का ताल्लुक हो सकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि स्कूल बदलने के बाद भी उसका शोषण नहीं रुका और इसी से तंग आकर उसने जान दे दी। पुलिस के मुताबिक लड़की के दोस्तों ने बताया कि उसने उन लोगों से भी दूरी बना ली थी। उसने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि यह यौन उत्पीड़न अब बर्दाश्त के बाहर होता जा रहा है। इसके चलते उसने बहुत तकलीफ बर्दाश्त की, लेकिन उसे सांत्वना देने वाला कोई नहीं था। इस शोषण के चलते वह अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान नहीं दे पा रही थी। वह मानसिक रूप से इतना परेशान हो गई थी कि एक रात उसे नींद ही नहीं आई।

Facebook Conversations