कवर्धा। नक्सल मोर्चे पर सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है, मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित केरझारी वनक्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक महिला समेत दो इनामी नक्सली मारे गए. इनकी पहचान सजंती उर्फ क्रांति और रघु उर्फ शेरसिंह के रूप में हुई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुरक्षा बलों की वीरता की सराहना करते हुए नक्सल विरोधी अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को उचित इनाम देने की घोषणा की है.
बालाघाट पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय सजंती पर 29 लाख रुपये का इनाम घोषित था. वहीं, 52 वर्षीय रघु पर 14 लाख रुपये का इनाम था. दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और आगजनी से संबंधित मामले दर्ज किए गए थे. गोलीबारी में कुछ नक्सली घायल हो गए हैं। घटनास्थल से एक एके-47 राइफल, एक 12 बोर की राइफल और कुछ जरूरत की चीजें बरामद हुईं हैं. मारे गए नक्सलियों के खिलाफ अन्य राज्यों में दर्ज आपराधिक मामलों का विवरण इकट्ठा किया जा रहा है. सीआरपीएफ और हॉक फोर्स के जवान अभी भी इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं.

Facebook Conversations