सरपंच के मकान पर वन विभाग का छापा, भारी मात्रा में सागौन के चिरान और गोले बरामद...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

बालोद।बालोद जिले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंगारी गांव के सरपंच के मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान घर से लाखों रुपये कीमत के सागौन लकड़ी के चिरान और गोले बरामद किए गए। मामले में सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के खिलाफ वन विभाग द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

बालोद जिला वन विभाग और उड़न दस्ता (फ्लाइंग स्क्वॉड) की संयुक्त टीम ने बालोद वन परिक्षेत्र के अंगारी गांव में यह कार्रवाई की। बरामद सागौन लकड़ी को दो माजदा वाहनों में भरकर वन विभाग के काष्ठागार ले जाया गया।

लकड़ियों की होगी गणना

वन विभाग के अनुसार जब्त की गई सागौन लकड़ी की मात्रा काफी अधिक है। सभी लकड़ियों की गणना और मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को जब्त लकड़ी की वास्तविक मात्रा और अनुमानित कीमत स्पष्ट हो जाएगी।

डीएफओ ने क्या कहा?

डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बड़ी मात्रा में सागौन के चिरान और गोले बरामद हुए हैं, जिनकी गणना की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और किस आरा मिल में इसका चिरान कराया गया था।

फर्नीचर की भी होगी जांच

वन विभाग की जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद लकड़ी से घर में कुछ फर्नीचर तैयार किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन फर्नीचर की भी जांच की जाएगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच जारी

वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। जांच के आधार पर अवैध कटाई, परिवहन और चिरान से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations