राजनांदगांव। संविधान दिवस 2026 के अवसर पर अधिवक्ता डॉ. आर.एल. कानडे ने जिला परिसर राजनांदगांव में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के हाथ में रखी पुस्तक पर भारतीय संविधान एवं राष्ट्रीय चिन्ह अंकित करने की मांग उठाई है।
डॉ. आर.एल. कानडे, जो ऑल इंडिया बौद्ध लिबरेशन मूवमेंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विश्व बौद्ध संघ, दिल्ली के संस्थापक हैं, ने कहा कि अंबेडकर प्रतिमा के हाथ में दिखाई गई पुस्तक पर भारतीय संविधान तथा राष्ट्रीय चिन्ह अंकित नहीं होना खेद का विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से इस दिशा में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।
उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर पूर्व में भी कलेक्टर जितेन्द्र यादव का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होने पर उन्होंने पुनः मांग उठाई है।
डॉ. कानडे वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। उन्होंने संविधान समीक्षा के विरोध में सुप्रीम कोर्ट एवं केंद्र सरकार को 10 पृष्ठों का जवाब देने और दिल्ली में आंदोलन करने का उल्लेख करते हुए बताया कि इस कार्य के लिए उन्हें 'भारतीय संविधान रक्षा सम्मान' से सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा कि डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा में प्रदर्शित पुस्तक पर भारतीय संविधान एवं राष्ट्रीय चिन्ह अंकित किया जाना संविधान के प्रति सम्मान और उसकी पहचान को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण कदम होगा।

Facebook Conversations