राजनांदगांव। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। शासन की इन योजनाओं से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ खेती-किसानी को आगे बढ़ाने में आर्थिक मदद मिल रही है। इसकी एक मिसाल राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम उपरवाह के किसान भागवत साहू हैं।
किसान भागवत साहू अपने पुत्र रिकेश साहू के साथ धान उपार्जन केंद्र उपरवाह पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मेहनत से उगाए गए करीब 31 क्विंटल धान का विक्रय किया। उनके परिवार के पास डेढ़ एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे खेती करते हैं।
भागवत साहू के पुत्र रिकेश साहू ने बताया कि मोबाइल के माध्यम से धान विक्रय के लिए आसानी से ऑनलाइन टोकन मिल गया। उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है और धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से समय की बचत हो रही है और पूरी प्रक्रिया भी आसान हो गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर धान विक्रय और कृषक उन्नति योजना से मिली राशि का उपयोग कृषि कार्यों में किया गया। इससे आगामी फसल की तैयारी और खेती से जुड़े खर्चों को पूरा करने में मदद मिली। सीमित कृषि भूमि वाले परिवारों के लिए शासन की आर्थिक सहायता काफी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
किसान भागवत साहू और उनके पुत्र रिकेश साहू ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि शासन की किसान हितैषी योजनाएं खेती-किसानी को मजबूती देने के साथ किसानों के परिवारों में खुशहाली ला रही हैं।

Facebook Conversations