दुर्ग में किसानों को समय पर मिल रहा यूरिया और बीज, खरीफ की खेती को मिली रफ्तार
दुर्ग @ खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर कृषि इनपुट उपलब्ध कराने के लिए दुर्ग जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को यूरिया, उन्नत बीज एवं अन्य उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे खेती-किसानी का कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से कृषि आदानों की समय पर उपलब्धता पर विशेष ध्यान दे रही है। जिला प्रशासन की सतत निगरानी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में खाद एवं बीज का वितरण व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है।
दुर्ग विकासखंड के ग्राम जेवरा निवासी प्रगतिशील किसान कमलेश कुमार साहू ने बताया कि उन्हें सिरसा स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति से दो चरणों में आवश्यकता के अनुरूप यूरिया खाद और उन्नत बीज आसानी से मिल गए। इससे बुआई और फसल पोषण का कार्य समय पर पूरा हो सका।
उन्होंने बताया कि पहले खाद लेने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था, जिससे समय के साथ फसल भी प्रभावित होती थी। लेकिन इस वर्ष प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के कारण बिना किसी परेशानी के समय पर खाद और बीज उपलब्ध हो रहे हैं।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर यूरिया और अन्य पोषक तत्वों की उपलब्धता से फसलों की प्रारंभिक वृद्धि बेहतर होती है, जिससे अच्छी पैदावार की संभावना बढ़ जाती है।
किसान कमलेश कुमार साहू ने किसान-हितैषी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन दुर्ग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर खाद-बीज मिलने से किसानों का मनोबल बढ़ा है और वे पूरे उत्साह के साथ खरीफ सीजन की खेती कर रहे हैं।

Facebook Conversations