बेमेतरा जिला अस्पताल में शुरू हुई हड्डी और जनरल सर्जरी की सुविधा, दो मरीजों के हाथ-पैर से निकाली गई रॉड
त्वरित ख़बरें : भूमिका रिपोर्टिंग

बेमेतरा। जिले के मरीजों के लिए राहत की खबर है। अब हड्डी रोग, जनरल सर्जरी और नाक-कान-गला (ENT) से जुड़ी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं जिला चिकित्सालय बेमेतरा में ही मिलने लगी हैं। पहले इन सर्जरी के लिए मरीजों को दूसरे जिलों में जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। अब ये सुविधाएं अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई, सीएमएचओ डॉ. शरद कोहाड़े और सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू के प्रयासों से अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाएं शुरू हुई हैं।

हड्डी, ईएनटी और जनरल सर्जरी की सुविधा उपलब्ध

जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. लोमेश भारती, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार हेला और जनरल सर्जन डॉ. रेणु कुर्रे सेवाएं दे रहे हैं। वहीं निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. कुंदन स्वर्णकार, डॉ. अमिताभ साहू और डॉ. आदित्य की उपलब्धता से ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू हुई है।

अस्पताल में ऑर्थोपेडिक, ईएनटी, हर्निया और पाइल्स सहित विभिन्न बीमारियों से संबंधित सर्जरी निःशुल्क की जा रही हैं।

पहली सफलता: 34 वर्षीय मरीज के पैर से निकाली रॉड

अस्पताल में पहली सफल सर्जरी के तहत मुसुवाडीह, विकासखंड साजा निवासी 34 वर्षीय धरमू साहू के पैर में लगी रॉड निकाली गई। रॉड के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही थी। जांच के बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. लोमेश भारती ने सर्जरी की सलाह दी। मरीज की सहमति के बाद डॉ. भारती ने निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ साहू और अस्पताल के स्टाफ के सहयोग से सफल ऑपरेशन कर रॉड सुरक्षित निकाल दी।

दूसरी सफलता: 26 वर्षीय युवक के हाथ से निकाली रॉड

इसी तरह ग्राम आन्दू, तहसील बेरला निवासी 26 वर्षीय मिथलेश साहू के हाथ में लगी रॉड भी सफलतापूर्वक निकाल दी गई। दोनों मरीजों की सर्जरी पूरी तरह निःशुल्क की गई।

ऑपरेशन के बाद मरीजों ने अपना अनुभव साझा करते हुए संतोष जताया। वहीं परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल के पूरे स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ सर्जरी की सुविधा शुरू होने से अब जिले के मरीजों को उपचार के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी।

Image

YOUR REACTION?

Facebook Conversations