राजनांदगांव। शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और मूलभूत समस्याओं का निराकरण करने के लिए नगर निगम ने कई स्तरों पर काम शुरू किया है। उद्यानों के संरक्षण, सड़कों के डामरीकरण, पेयजल आपूर्ति, सफाई, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने को प्राथमिकता दी जा रही है। महापौर मधुसूदन यादव के निर्देशानुसार शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सुविधाओं को दुरुस्त करने की पहल की जा रही है।
उद्यानों का होगा जीर्णोद्धार, सड़कों की भी सुधरेगी स्थिति
नगर निगम द्वारा त्रिवेणी परिसर उद्यान के संधारण को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं नेहरू उद्यान में क्षतिग्रस्त झूलों और अन्य सुविधाओं की मरम्मत कराई जाएगी। फ्लाईओवर के नीचे सूखे पेड़ों की जगह मौलश्री के नए पौधे लगाने की तैयारी है।
शहर की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण की विभागीय प्रक्रिया जारी है। बल्देवबाग और कलेक्टोरेट के पीछे की सड़क का डामरीकरण किया जाएगा। डोंगरगांव रोड, बाईपास और खैरागढ़ रोड पर निगम क्षेत्र की सड़कों का काम नगर निगम द्वारा कराया जाएगा। वहीं बसंतपुर रोड और रानी सागर से चौपाटी जाने वाली सड़क की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को सूचित किया गया है। बसंतपुर रोड पर पाइपलाइन विस्तार के दौरान क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग को भी दोबारा दुरुस्त किया जाएगा।
अंडरब्रिज और फरहद चौक की लाइटें दुरुस्त
नगर निगम के विद्युत अमले ने अंडरब्रिज और फरहद चौक की बंद लाइटों की मरम्मत कर दी है। निगम के अनुसार अब अंडरब्रिज में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था है।
दीपावली में रोजाना 12 से 13 टन कचरे का उठाव
स्वच्छता व्यवस्था के तहत दीपावली के दौरान निगम के स्वास्थ्य अमले ने दो पालियों में सफाई अभियान चलाया। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन करीब 6 से 7 टन कचरा उठाया जाता है, वहीं दीपावली के दौरान यह मात्रा बढ़कर 12 से 13 टन तक पहुंच गई। शासकीय मुद्रणालय के सामने और पटाखा दुकान स्थल की सफाई भी पूरी कर ली गई है।
बूढ़ासागर सहित शहर के अन्य तालाबों की नियमित सफाई की जा रही है। नागरिकों से तालाबों में कचरा और पूजा सामग्री नहीं डालने की अपील की जा रही है। जिला अस्पताल के सामने स्थित नाले की जेसीबी से दोबारा सफाई कराई जाएगी। ट्रांसपोर्ट नगर में नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है।
सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और मरम्मत पर जोर
नगर निगम द्वारा सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, निरीक्षण और मरम्मत कराई जा रही है। गोल बाजार में महिला और पुरुषों के लिए आकांक्षी शौचालय का निर्माण किया गया है। शिकायतों के आधार पर अन्य शौचालयों की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा।
राहुल नगर में पेयजल व्यवस्था की जांच
राहुल नगर में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए पानी टंकी, वाल्व और पाइपलाइन की जांच की जा रही है। कमला कॉलेज रोड से कौरिनभाठा तालाब मार्ग पर नल कनेक्शन के लिए खोदे गए गड्ढों को जल आपूर्ति परीक्षण के बाद भरा जाएगा।
हाट बाजार और पौनी पसारी योजना के तहत दुकानों का आवंटन
हाट बाजार में पात्र हितग्राहियों को पसरा आवंटित करने के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। पौनी पसारी योजना के तहत रेवाडीह, कमला कॉलेज रोड, हल्दी और बल्देवबाग में निर्मित चबूतरों का आवंटन किया गया है। व्यवसाय नहीं करने वाले आवंटनधारियों को नोटिस देकर दोबारा आवंटन की प्रक्रिया की जाएगी।
जोगी नगर के रहवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पेण्ड्री में बने बहुमंजिला आवासों में व्यवस्थापन का विकल्प दिया गया है। महापौर ने रहवासियों से चर्चा कर फिलहाल उन्हें नहीं हटाने की समझाइश दी है। वहीं पट्टा संबंधी मांग को लेकर तहसीलदार को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं।
20 सिटी बसों में से केवल 3 का हो रहा संचालन
नगर निगम क्षेत्र में संचालित 20 सिटी बसों में फिलहाल केवल 3 बसें चल रही हैं। शेष 17 बसों की मरम्मत के लिए संचालकों को पत्र लिखा गया है। बसों की स्थिति के पुनर्मूल्यांकन के लिए टीम गठित की गई है और मरम्मत के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। बकाया प्रीमियम जमा कराने के लिए भी संचालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
अतिक्रमण और अवैध कारोबार पर होगी कार्रवाई
ममता नगर, हीरामोती लाइन, नंदई सहित अन्य क्षेत्रों में निर्माण सामग्री का मलबा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फ्लाईओवर के नीचे गंदगी फैलाने और अवैध रूप से संचालित ठेला-खोमचा हटाने की कार्रवाई भी जारी है।
नगर निगम ने खाद्य विभाग के सहयोग से अवैध रूप से संचालित मांस दुकानों की जांच कर कार्रवाई की है। वहीं गोल बाजार के मछली व्यवसायियों को बकाया किराया और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन के संबंध में राजगामी संपदा न्यास द्वारा नोटिस जारी किया गया है। व्यवसायियों को नंदई में निर्मित मटन मार्केट में स्थानांतरित करने की भी पहल की जा रही है।
नगर निगम का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए नागरिकों की शिकायतों का निराकरण करते हुए विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा।

Facebook Conversations