09 अगस्त 2022
राजनांदगांव : जिले में जल्द ही इंटर क्लब लीग टूर्नामेंट कराया जाएगा। इसके लिए सभी क्लब को तैयारी शुरू करने कहा गया है ताकि बेहतर परफार्मेंस के साथ शहर में प्रतियोगिता हो सके। वहीं अब किसी भी संस्था को हॉकी प्रतियोगिता कराने से पहले जिला हॉकी संघ से अनुमति लेनी होगी। अनुमति नहीं लेने पर संघ अपनी ओर से कोई जिम्मेदारी नहीं लेगा। रविवार को जिला हॉकी संघ की हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
संघ अध्यक्ष फिरोज अंसारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी सदस्य मौजूद रहे। संघ के सचिव शिवनारायण धकेता ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में जिला हॉकी संघ के द्वारा किए गए आयोजन की जानकारी दी गई। आगामी सितम्बर-अक्टूबर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव रखा जिस पर सभी ने सहमति प्रदान करते हुए जूनियर स्तर की स्पर्धा करने का निर्णय लिया गया।
आय-व्यय पर चर्चा की
स्पर्धा के आयोजनों के संबंध में आय-व्यय पर चर्चा भी की गई। राज्य सरकार से प्राप्त होने वाले अनुदान पर भी चर्चा हुई। मीटिंग में उपस्थित सदस्यों द्वारा महंत राजा सर्वेश्वरदास अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता वर्ष 2022-23 में करने के लिए स्टेडियम समिति के अध्यक्ष कलेक्टर से चर्चा करने का भी निर्णय लिया गया है।
प्रतिनिधि नियुक्त किए
क्लब के हॉकी स्पर्धा के लिए भूषण साव व अनुराज श्रीवास्तव को प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। बैठक में सचिव शिवनारायण धकेता, उपाध्यक्ष भूषण सॉव,गणेश प्रसाद शर्मा, कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, सहसचिव अब्दुल कादिर, महेंद्र सिंह ठाकुर, वीरेंद्र सिंह भाटिया, कुमार स्वामी, गुणवत पटेल, अनुराज श्रीवास्तव , नीलम चंद जैन आदि उपस्थित थे।
सभी सहभागी बनेंगे
उक्त बैठक में कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद जैन द्वारा पिछले वर्ष सत्र 2022 के आय-व्यय का हिसाब बैठक में प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने एक मत से निर्णय लिया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत होने वाले हर घर तिरंगा के लिए सभी सहभागी बनेंगे। इसके लिए प्रचार-प्रसार करेंगें।

Facebook Conversations