सेंट्रल जेल में कैदी ने लगाई फांसी : पत्नी बेहोश, परिजनों का जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप...
त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग
रायपुर : सेंट्रल जेल से आई एक खबर ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जेल के अंदर एक विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।मृतक कैदी की पहचान सुनील महानंद के रूप में हुई है, जो पॉक्सो के एक मामले में 11 नवंबर 2025 से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था। घटना गंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पति की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी ललिता महानंद बेहोश हो गई।मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार परिजनों का आरोप है कि सुनील को जेल के अंदर लगातार मेंटली और फिजिकली टॉर्चर किया जा रहा था। इसी आरोप को लेकर परिजन, समाज के लोग और कांग्रेस नेता जेल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है और जेलर पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री ने बताया कि पूरे मामले में न्यायिक जांच कराई जाएगी और विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर सुनील महानंद जेल परिसर में टहलते हुए वहां लगे पीपल के पेड़ के पास पहुंचा। उसने पेड़ की टहनी में गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मौके पर मौजूद पहरेदारों ने उसे नीचे उतारा, उस वक्त उसकी सांसें चल रही थीं।तत्काल उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पूरी घटना जेल में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसमें कैदी फांसी लगाते हुए दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि आत्महत्या के बाद बिना सूचना दिए शव को चोरी-छिपे मॉर्चुरी भेज दिया गया। उन्हें देर रात इस घटना की जानकारी दी गई। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते सूचना दी जाती, तो वे मौके पर पहुंच सकते थे। जेल प्रशासन पर जानबूझकर सूचना देने में देरी का भी आरोप लगाया गया है।परिजनों के मुताबिक, सुनील पिछले दो महीने से जेल में बंद था और वे उससे मिलने भी आते थे। सुनील अक्सर बताता था कि उसे बहुत प्रताड़ित किया जा रहा है। परिजनों ने उसे 3 स्वेटर, 5-6 जोड़ी कपड़े और खाने-पीने का सामान दिया था, जिसे वहां छीन लिया जाता था। पेटीएम के जरिए भेजे गए पैसे भी उसे नहीं दिए गए।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations