रायपुर, पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित जन जागरूकता अभियान के तहत बूढ़ापारा स्थित माधवराव सप्रे शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में “संवाद से समाधान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और पुलिस के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करते हुए उन्हें सुरक्षा, कानून और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, यातायात नियम और नशे के दुष्प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड और मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों को आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1091 और बाल सुरक्षा के लिए 1098 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। पुलिस टीम ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
“संवाद से समाधान” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस के साथ-साथ हर नागरिक की जागरूकता और सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और आमजन को सुरक्षा एवं कानून के प्रति जागरूक करने का प्रयास जारी रखा जाएगा।

Facebook Conversations