रायपुर में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया
त्वरित ख़बरें -शराब के लिए रुपए नहीं देने पर पहले पीटा फिर केरोसीन डालकर लगा दी आग, आरोपी पति गिरफ्तार

रायपुर में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। बुरी तरह से झुलस चुकी महिला को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोपी पति महिला को शराब के रुपयों की डिमांड करते हुए पीट रहा था। दोनों के बीच विवाद बढ़ा तो उसने घर पर रखे केरोसीन को अपनी पत्नी पर छिड़का और आग लगा दी। ये घटना शनिवार सुबह पिरदा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है।

महिला के पड़ोस में रहने वाले विकास नाम के युवक ने फौरन दूसरे कपड़े से उसकी जान बचाई। विकास ने ही पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। अब महिला का इलाज जारी है। विकास ने बताया कि आए दिन पति-पत्नी में इसी तरह विवाद होता रहता था। मगर अब उसके पति ने महिला की जान लेने का प्रयास किया है। विधानसभा थाने की पुलिस ने भी इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोपी पति फरार है, पुलिस उसे तलाश कर रही है।

दूसरी पत्नी से करवाता था काम
पुलिस ने महिला के पति सुरेंद्र सेन(54) को गिरफ्तार कर लिया है। सुरेंद्र दिन रात शराब के नशे में धुत रहता है। पत्नी कुंती घरों में बर्तन धोने का काम करती थी। सुरेंद्र की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने कुंती से शादी की। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास ही दोनों रहते हैं। कुंती ही घर का खर्च चलाती थी। सुरेंद्र शराब के नशे में आए दिन पत्नी को मोहल्ले के लोगों के सामने ही पीटता रहता था। दूसरों के घरों में पत्नी से काम करवाकर शराब पीने के रुपए भी वो पत्नी से ही लेता था। इसी तरह का झगड़ा हुआ, कुंती ने रुपए देने से इंकार किया तो सुरेंद्र ने उसे पहले खूब पीटा। महिला के चीखने की आवाजें बाहर भी लोगों ने सुनी। आसपास के लोग उसके घर पहुंचे तब तक सुरेंद्र ने कुंती को आग के हवाले कर दिया था। लोगों को देखकर वह भाग गया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations