रायपुर में आवारा मवेशियों पर नगर निगम की कार्रवाई: सड़कों से धरपकड़ अभियान जारी, मालिकों को दी जुर्माने की चेतावनी
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। नगर निगम द्वारा शहर की सड़कों पर खुले में घूम रहे आवारा मवेशियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देशों और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में नगर निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों में यह कार्रवाई की जा रही है।

कई इलाकों में सड़कों से पकड़े गए मवेशी

नगर निगम की काउकेचर टीम और विशेष टीम के श्रमवीरों की सहायता से प्रतिदिन सड़कों पर आवारा मवेशियों की धरपकड़ की जा रही है। अभियान के तहत कचना, सत्यम नगर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मार्बल मार्केट सर्विस रोड, तेलीबांधा मुख्य मार्ग सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में सड़कों से मवेशियों को पकड़ा गया।

नगर निगम के अनुसार आवारा मवेशियों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी रहेगा।

मवेशी मालिकों से अपील

रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर के सभी मवेशी मालिकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को बांधकर रखें और उन्हें सड़कों पर खुले में न छोड़ें। निगम ने कहा कि सड़कों पर खुले में मवेशियों के घूमने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि मवेशियों को सड़कों पर खुले में छोड़ा गया तो संबंधित मालिकों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। मवेशियों को खुले में छोड़ने की स्थिति में संबंधित मवेशी मालिक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations