रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने बुधवार को रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र स्थित शासकीय हाई स्कूल कुशालपुर पहुंचकर सरस्वती योजना के तहत छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर रमेश सिंह ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर अपने परिवार, नगर और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उन्हें श्रेष्ठ नागरिक बनाने की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की।
इस दौरान विधायक ने सरस्वती योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलें वितरित करते हुए कहा कि इससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी शिक्षा बाधित नहीं होगी। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के प्रति संकल्पित होकर बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार की सरस्वती योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना और उन्हें स्कूल तक सुरक्षित एवं सुगम पहुंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।

Facebook Conversations