राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम अभियान अब 30 सितम्बर तक
त्वरित ख़बरें - छूटे हुए बच्चों को खिलायी जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम अभियान अब 30 सितम्बर तक

जगदलपुर 23 सितम्बर । राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य में 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि से मुक्ति दिलाने का कार्य किया जा रहा है। कृमि से बचाव हेतु 13 सितम्बर से 20 सितम्बर 2021 तक राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम शुरू हुआ था तथा छूटे हुए बच्चों को 21 से 23 सितम्बर तक मॉप-अप दिवस के तहत कृमि की गोली खिलाई जानी थी लेकिन  वर्तमान में कुछ बच्चे अभी भी इस कृमिनाशक गोली खाने से वंचित हैं। अतः परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा इस कार्यक्रम की अवधि बढ़ाने हेतु एक पत्र जारी किया गया है जिसमें अब 24 से 30 सितंबर तक छूटे हुए बच्चो को एल्बेंडाजोल की गोली खिलायी जाएगी।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर सम्भाग में 15.46 लाख बच्चों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। कृमिमुक्ति कार्यक्रम के मॉप-अप डे से पहले राज्यस्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक हुई थी जिसमें राज्य के सभी जिलों जहां कृमि कार्यक्रम चलाया जा रहा है, के स्वास्थ्य प्रमुख व नोडल ऑफिसर सम्मिलित थे। इस दौरान कृमिमुक्ति कार्यक्रम की जिलेवार तात्कालिक स्थिति का विवरण दिया गया जिसमें बस्तर सम्भाग के 5 जिलों ने टॉप 10 में अपनी जगह बनाई। दंतेवाड़ा जिला ने 92 प्रतिशत बच्चों को कृमि की गोली खिलाकर राज्य में पहले स्थान पर रहा, जबकि कोंडागांव जिले ने राज्य में दूसरे स्थान पर अपनी जगह बनाई। इसी प्रकार बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर जिला क्रमशः पांचवे, सातवे और दसवें स्थान पर रहे।

सीएमएचओ डॉ. डी.राजन ने बताया, “कोविडकाल में चल रहे इस कार्यक्रम में जिले में 3.69 लाख बच्चों को  कृमि से बचाने को  एल्बेंडाजोल की गोली खिलायी जा रही है। इस दौरान कोविड 19 संबंधित दिशा निर्देशों का पालन भी किया जा रहा है। जिले में अभी तक बच्चों के दवा खाने के उपरांत किसी भी प्रकार की कोई प्रतिकूल घटना नही हुई है। अतः जिले वासियों से अपील है कि जिन बच्चों ने कृमिनाशक की गोली नही खाई है उनके माता-पिता अपने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाना सुनिश्चित करें। 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली (200 एमजी) चूर्ण बनाकर पानी के साथ, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को 1 गोली पूरी तरह से चूर्ण बनाकर पानी के साथ तथा  4 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली (400 एमजी) चबाकर के पानी के साथ सेवन कराएं। एल्बेंडाजोल की गोली बच्चों और बड़ों के लिए सुरक्षित है।“

कृमिमुक्ति कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सी.आर.मैत्री ने बताया, “ 1 से 19 वर्ष के बच्चों, किशोर-किशोरियों को कृमि से बचाव हेतु एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाया जाना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग व महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से चलाए जा रहे इस कार्यक्रम में 30 सितम्बर से पहले ही शत प्रतिशत बच्चों को कृमि की गोली खिलाकर लक्ष्य की प्राप्ति की जाएगी। कृमि संक्रमण की रोकथाम के लियें स्वच्छता बहुत जरूरी है। इसलिये खुले में शौच न करें, हमेशा शौचालय का प्रयोग करें, साफ पानी में फल व सब्जियां धोएं और साफ पानी पियें, खाने को ढंक कर रखे, नाखून साफ और छोटे रखें, जूते पहने, विशेषकर खाने से पहले और शौच जाने के बाद अपने हाथों को साबुन से धोएं इत्यादि पर विषेष ध्यान देना चाहिए।“

YOUR REACTION?

Facebook Conversations