03 नवम्बर 2022
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंतर जिला क्रिकेट चैंपियनशिप (अंडर-14) में खेले गए पहले मैच में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव ने प्लेट ग्रुप की चैंपियन टीम जांजगीर-चांपा को एक पारी एवं 305 रनों से हराकर जीत दर्ज की है। भिलाई स्थित बीएसपी के मैदान में खेले गए इस दो दिवसीय मैच में राजनांदगांव ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। राजनांदगांव की गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने जांजगीर-चांपा की पूरी टीम मात्र 52 रनों पर ही आउट हो गई। राजनांदगांव की तरफ से तीर्थ राठौर ने 9 रन देकर 5 विकेट लिए, वहीं लक्की प्रजापति एवं विकल्प तिवारी ने दो-दो विकेट झटके।
बल्लेबाजी करने उतरी राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी कर मात्र 3 विकेट खोकर 423 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी। राजनांदगांव की तरफ से सलामी बल्लेबाज बालाजी राव ने नाबाद दोहरा शतक बनाया। वहीं विकल्प तिवारी ने 114 रन बनाए। श्लोक चचाने ने भी शानदार 74 रन बनाए। राजनांदगांव ने जांजगीर-चांपा को दूसरी पारी में भी मात्र 66 रनों पर ही आउट कर दिया। दूसरी पारी में राजनांदगांव की तरफ से विकल्प तिवारी ने 4 एवं शीर्ष राठौर ने तीन विकेट लिए। राजनांदगांव का दूसरा मैच शुक्रवार 4 तारीख से भिलाई के सेक्टर-1 मैदान में खेला जाएगा।

Facebook Conversations