12 अगस्त 2022
जिले में दो दिन तक लगातार बारिश होने से नदी, नाले उफान पर हैं तो वहीं गांवों को जोड़ने वाले रपटा व नाले के ऊपर बनी पुलिया पर पानी बहने से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को इस वजह से गांव तक सीमित रहना पड़ रहा है। नदी किनारे स्थित खेतों में लबालब पानी भर गया है। धान की पूरी फसल खराब हो रही है। इससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। कुछ जगहों पर पुलिया बहने की भी खबर सामने आ रही है। हाल ही में बनाई गई सड़कें भी धुल गई हैं और जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
चिचोला क्षेत्र के नागरकोहरा के पास रपटा पुलिया में पानी भरने से ग्रामीण आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने की मांग करते आ रहे हैं पर अफसर ध्यान नहीं देते। स्थिति यह है कि बारिश में हर साल रपटा पुलिया भरने से आवाजाही में दिक्कत होती है। इसी तरह डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत खुर्सीपार के आश्रित ग्राम विष्णुपुर का संपर्क बारिश की वजह से पूरी तरह टूट चुका है। ग्रामीण गांव से बाहर नहीं जा सक रहे हैं। ग्रामीणों को उफनते हुए नाले को पार कर जाना पड़ रहा है।
पानी की निकासी कर रहे किसान
अधिक बारिश होने से खेतों में पानी भर गया है। इससे धान की फसल डूब गई है। कृषि विभाग के अफसरों का कहना है कि धान को पूरी तरह से पानी में डूबने नहीं दे, क्योंकि ऑक्सीजन नहीं मिलने से पौधे बढ़ नहीं पाते और गलने लगते हैं। इसलिए खेतों से पानी निकासी करने की सलाह दी गई है। किसान मेड़ काटकर पानी बहाने में लगे हुए हैं।
विष्णुपुर-चैतुखपरी को जोड़ने वाली सड़क बह गई
ग्रामीणों ने बताया कि विष्णुपुर और चैतुखपरी को जोड़ने वाली सड़क मनकी बांध के पानी के दबाव के कारण बह गई है। बांध का पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा है। सड़क को पार करना खतरे से खाली नही है। यह ग्राम का यह मुख्य मार्ग है जो चैतु खपरी, विष्णुपुर व सेमहरा को डुमरडीह से जोड़ता है। विष्णुपुर निवासी भागवत वर्मा ने बताया कि वर्ष 2000 में जब नए सड़क का निर्माण हुआ तो ग्रामीण खुशी से फूले नहीं समाए की आवागमन में आसानी होगी लेकिन इन खुशियों पर कुछ ही सालों मे पानी फिर गया।
सिंगदई क्षेत्र में 5 मकानों में घुसा शिवनाथ का पानी
शिवनाथ नदी के उफान पर होने की वजह से सिंगदई क्षेत्र के 5 मकानों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इस वजह से प्रभावित परिवार के सदस्यों को निषाद भवन में ठहराया गया है। यहां प्रशासन की ओर से इनके भोजन, पानी की व्यवस्था की गई है। रक्षाबंधन के दिन राजस्व विभाग की टीम ने इन परिवारों की मदद की। पटवारी सौम्या मिश्रा ने कैंप में पहुंचकर इनके लिए राखी, मिठाइयां और अन्य सामग्री का इंतजाम कराया।
मुख्य सड़कों के डूबने से आवाजाही में परेशानी
इसी तरह मोहला, मानपुर, अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के भीतरी गांवों का संपर्क भी मुख्यालय से टूट चुका है। इन क्षेत्रों में बनाए गए रपटा नाला के ऊपर से पानी बहने की खबर सामने आ रही है। इस क्षेत्र के दर्जनों गांव बारिश के दिनों में मुख्यालय से कट जाते हैं। यहां पर आवाजाही मुश्किल हो गई है। यही वजह है कि इन गांवों के ग्रामीण बारिश के पहले ही रसद का इंतजाम कर लेते हैं। प्रशासन की ओर से यहां की राशन दुकानों में बारिश के पहले खाद्यान्न पहुंचाया जाता है।

Facebook Conversations