पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़
त्वरित ख़बरें - महज 40 मिनट में ही 5 सौ से अधिक राउंड फायरिंग की गई , गोलीबारी में कई नक्सलियों के घायल होने का दावा किया जा रहा

गुरुवार रात ताड़ोकी थाना के कोसरोंडा कैंप से 1 किमी दूर रेखाभाट पहाड़ी के पास पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। रात करीब 1 बजे हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से महज 40 मिनट में ही 5 सौ से अधिक राउंड फायरिंग की गई। इस भारी गोलीबारी में कई नक्सलियों के घायल होने का दावा किया जा रहा है। जिन्हें साथी नक्सली अंधेरे का फायदा उठा कर अपने साथ ले गए।

सुबह उजाला होने पर पुलिस ने घटना स्थल की तलाशी ली तो उसे जगह-जगह खून के धब्बे व घसीटने के निशान ही मिले हैं। नक्सली जिस ओर गए हैं उस ओर दूसरी टीम को उनकी तलाश करने भेजा गया है। कोसरोंडा स्थित एसएसबी कैंप से कुछ दूरी पर पहाड़ी जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की पुलिस को सूचना मिली थी। इसे लेकर रात में ही ऑपरेशन लॉन्च कर अंतागढ़ से डीआरजी की फाल्कन टीम को कोसरोंडा की ओर रवाना किया गया। टीम नक्सलियों को घेरने जंगल में अंधेरे में सर्च करते धीरे धीरे आगे बढ़ रही थी।

रात 1 बजे जैसे ही वह कोसरोंडा एसएसबी कैंप से 1 किमी दूर रेखाभाट पहाड़ी जंगल के पास पहुंची यहां नक्सलियों की संतरी ड्यूटी में लगे नक्सली की नजर टीम पर पड़ गई। फोर्स को देख नक्सलियों ने मोर्चा खोल दिया और फायरिंग शुरू कर दी। जिसे देख जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की।

मुठभेड़ में कंपनी नंबर 5 के होनेे की आशंका
मुठभेड़ में इलाके में काम कर रही नक्सलियों की कंपनी नंबर 5 की टुकड़ी के शामिल होने की आशंका है। जिसमें नक्सली कमांडर राजू सलाम समेत 45 से अधिक नक्सली शामिल होने की बात कही जा रही है। जिस ओर नक्सलियों के जाने की संभावना है एक टीम उनके पीछे उस अोर उनकी तलाश में भेजी गई है।

14 जनवरी को कैंप के जवानों पर दो बार हमला
जिस जगह पर मुठभेड़ हुई है उससे कुछ दूरी पर ही कोसरोंडा में एसएसबी का कैंप स्थित है। नक्सली इससे पहले भी इसके आस पास कई घटनाओ  को अंजाम दे चुके हैं। शुरू से कोसरोंडा कैंप व उसके जवान नक्सलियों के निशाने पर हैं। यहां हमेशा मुठभेड़ व हमले की घटना होती रहती है। एक माह पहले ही 14 जनवरी को कोसरोंडा कैंप के जवानों पर एक ही दिन में दो बार हमला किया गया था। कोसरोंडा कैंप के पास नक्सलियों के जमा होने से कैंप पर हमला करने की तैयारी की आशंका जताई जा रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations