प्रतापगढ़ में PM मोदी ने विपक्ष पर बोला हमला, कहा- ये फिर से पाकिस्तान के पास गुलाब लेकर जाएंगे, कबूतर उड़ाएंगे…
त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

प्रतापगढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रतापगढ़ दौरे पर पहुंचे. जहां प्रधानमंत्री ने जीआईसी मैदान में बीजेपी प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. साथ ही पाकिस्तान को भी आड़े हाथ लिया है. जनपद की जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने काह कि प्रतापगढ़ के नाम में ही प्रताप है. ये वीरों और बलिदानियों की भूमि है और आज हमारे भारत का प्रताप पूरी दुनिया देख रही है, आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है.पीएम नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 10 साल पहले जो असंभव नहीं था वो आज संभव हुआ है. कैसे? ये सब बदलाव कैसे आया? ये बदलाव, ये सफलता मोदी के कारण नहीं, ये आपके एक वोट के कारण हुआ है. ये आपके वोट की ताकत है कि आज दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है. पीएम मोदी ने जनसभा में कहा कि INDI गठबंधन में वही लोग हैं जो सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं. इनका एजेंडा क्या है? ये कह रहे हैं कि कश्मीर में फिर से धारा 370 लगा देंगे. ये CAA का जो कानून मोदी ने बनाया है उसे रद्द कर देंगे. ये फिर से पाकिस्तान के पास गुलाब लेकर जाएंगे, कबूतर उड़ाएंगे और इसलिए आपको सपा-कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है.प्रधानमंत्री ने कहा कि INDI गठबंधन के लोग देश को बदहाल बनाकर सत्ता से गए थे. 2014 से पहले देश को उन्होंने तबाह कर दिया था, बर्बाद कर दिया था, हर क्षेत्र में लूट मची हुई थी. देश निराश की गर्द में डूबा हुआ था. 2014 में आपने जब हमें सेवा करने का मौका दिया तो पहले तो हमारी पूरी ताकत इन गड्ढों को भरने में लग गई, बर्बादी से देश को बाहर निकालने में लग गई. ये कैसे लोग थे. देश जब आजाद हुआ था तब दुनिया में हम 6 नंबर की अर्थव्यवस्था थे. इन लोगों ने देश को ऐसे चलाया, ऐसे चलाया कि हम 6 से 11 पर पहुंच गए. आज हम देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया में नंबर 5 पर ले आए हैं.जो पहले असंभव था, आज वो संभव हो पाया है. ये बदलाव, ये सफलता मोदी के कारण नहीं बल्कि आपके एक वोट के कारण हुआ है, ये आपके वोट की ताकत है. इसलिए आज पूरा देश कह रहा है- इस सरकार का तीसरा कार्यकाल… होगा और दमदार. उन्होंने कहा कि ये एनडीए की स्थिर सरकार को हटाना चाहते हैं, लेकिन इनका (इंडी अलायंस) सरकार चलाने का फॉर्मूला है- हर साल एक नया पीएम. ये चाहते हैं कि भानुमति का कुनबा जोड़ने वालों को लूट का बराबर मौका मिले. ये आपको मंजूर है क्या?आपको सपा-कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है. इंडी गठबंधन के लोग देश को बदहाल बनाकर सत्ता से गए थे. 2014 से पहले देश को इन्होंने तबाह कर दिया था, बर्बाद कर दिया था, हर क्षेत्र में लूट मची थी, देश निराशा के गर्त में डूबा हुआ था. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के विकास का मजाक बना दिया है. सपा और कांग्रेस कहती है कि देश का विकास तो अपने-आप हो जाएगा, मेहनत करने की क्या जरूरत है? सपा-कांग्रेस की मानसिकता के दो ही किनारे हैं. एक ये कहते हैं कि अपने-आप हो जाएगा और दूसरा ये कहते हैं कि क्या होगा? कांग्रेस ने 60 साल देश पर राज किया. वर्षों तक समाजवादी पार्टी सरकार में रही और हालत ये थी कि देश में 85 प्रतिशत घरों में नल से जल नहीं आता था. हमने 14 करोड़ परिवारों तक पीने का पानी पहुंचाने का काम किया. इस पर भी सपा-कांग्रेस कहती है कि इससे क्या होगा?


YOUR REACTION?

Facebook Conversations