रायपुर जिला प्रशासन और रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा संचालित 'प्रोजेक्ट पुनर्जीवन' के तहत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नगर निगम के सभी 10 जोनों में विभिन्न स्थानों पर 1,622 ट्री गार्ड और 362 कंक्रीट के घेरे (पेवर) हटाए गए हैं, ताकि पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।
नगर निगम के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश तथा रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। हाल ही में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यक्त चिंता के बाद इस कार्य को और अधिक गति दी गई।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशन में सभी जोन कमिश्नरों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे पौधों की पहचान की, जो ट्री गार्ड और कंक्रीट के घेरों के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे। इसके बाद इन अवरोधों को हटाकर पौधों को मिट्टी, पानी और प्राकृतिक पोषण सहज रूप से प्राप्त हो सके, इसकी व्यवस्था की गई।
अभियान के तहत 1,622 ट्री गार्ड और 362 कंक्रीट घेरे हटाकर पौधों के चारों ओर प्राकृतिक वातावरण तैयार किया गया। नगर निगम का कहना है कि इससे पौधों की जड़ों का बेहतर विकास होगा और वे अधिक स्वस्थ तरीके से बढ़ सकेंगे।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास के पौधों को पानी, खाद और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने वाले पर्यावरण प्रेमियों को 'पर्यावरण मित्र' के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

Facebook Conversations