पुरानी रंजिश के चलते हत्या के प्रयास के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, डंडा और मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को प्रार्थी योगेश सूर्यवंशी सेक्टर-06 पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान DPS चौक के पास आरोपियों ने पीछे से हमला कर उसे वाहन से गिरा दिया। इसके बाद धारदार हथियार और डंडे से मारपीट कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। जांच में घटना का कारण पुराना विवाद और आपसी रंजिश सामने आया।
मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 3(5), 61(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रखर चंद्राकर (26), निवासी नेवई और सुधांशु उर्फ बॉम्सी (23), निवासी रिसाली को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में अमन मूर्ति और हरीश यादव को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रखर चंद्राकर के विरुद्ध पूर्व में 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना भी पाया गया है। घटना में इस्तेमाल एक धारदार हथियार, एक डंडा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूर्व विवाद और रंजिश के चलते प्रार्थी का पीछा किया और DPS चौक के पास पीछे से हमला किया था। मामले में सभी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद या रंजिश की स्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Facebook Conversations