मतदान करने का लिया संकल्प चुनावी राहगीरी’ के तहत 400 मीटर का तिरंगा लेकर निकले लोग...
त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

ग्वालियर में कटोराताल स्थित थीम रोड पर शनिवार को अलग ही नजारा देखने मिला। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत ‘चुनावी राहगीरी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, जुम्बा डांस, एडवेंचर गेम्स, रंगोली ,पेंटिंग, मार्शल आर्ट, सामूहिक स्कैटिंग, क्विज, ओपन माइक के साथ ही बीएसएफ के बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति दीं।

ग्वालियर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी में ‘चुनाव का रंग मतदाताओं के संग’ थीम पर शनिवार को ‘चुनावी राहगीरी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने की। इस मौके पर 400 मीटर का तिरंगा लेकर लोग निकले। तिरंगा लेकर चल रहे लोगों के आगे बैंड चल रहे थे, जो राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति गीतों की सुमधुर धुन की प्रस्तुति दे रहे थे। खुद कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान अधीनस्थ अधिकारियों के साथ तिरंगा लेकर चल रहीं थीं। इस भव्य कार्यक्रम के माध्यम से 7 मई को मतदान करने की अपील की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट, स्कूली छात्र, गणमान्य नागरिक और शहरवासी मौजूद रहे। ग्वालियर लोकसभा सीट पर बीते विधानसभा चुनाव के दौरान औसत से भी कम मतदान हुआ था। यही वजह है कि इस बार जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता को लेकर अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को जागरुक कर आगामी 7 मई को मतदान केंद्रों तक पहुंचाया जा सके। बता दें कि ग्वालियर लोकसभा में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होना है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations