मोहन नगर में गांजा बेचते आरोपी गिरफ्तार, 1.953 किलो गांजा और ₹700 नगद बरामद
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना मोहन नगर पुलिस ने कैलाश नगर क्षेत्र में गांजा बेचते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.953 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है, और ₹700 नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को थाना मोहन नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैलाश नगर स्थित सूर्या होटल के पीछे माल धक्का के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान तामेश्वर यादव उर्फ भोक्कू (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 25, ग्रीन चौक बस्ती, पेट्रोल पंप के पीछे, मोहन नगर, दुर्ग के रूप में हुई है।

1.953 किलो गांजा बरामद

पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान एक पीले रंग के थैले में रखी बैंगनी पॉलीथीन से खुला कलीनुमा गांजा बरामद किया। इसके अलावा 21 नग एयरटाइट झिल्ली में गांजा की पुड़िया भी मिलीं। सभी को मिलाकर गांजे का कुल वजन 1.953 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1 लाख बताई गई है। इसके साथ ही गांजा बिक्री की रकम ₹700 भी जब्त की गई।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 0692/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b) एवं 27(a) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से आरोपी के गांजा बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करने की गतिविधि में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर के सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र तिवारी एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की अवैध बिक्री या वितरण की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations