मोहला के परेवाडीह में महाराष्ट्र की फोर्स ने ग्रामीणों ने मारपीट की है। घटना मंगलवार दोपहर की है। इसकी शिकायत लेकर ग्रामीण मोहला थाने पहुंचे, जहां गढ़चिरौली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गढ़चिरौली फोर्स के जवान एनकाउंटर के बाद घायल नक्सलियों की पतासाजी में क्षेत्र में पहुंचे थे। जहां से उन्होंने एक और नक्सली का शव बरामद किया है।
परेवाडीह के ग्रामीण राजेश बोगा, परदेशी राम तुलावी, सुरेश नेताम, अक्षय कुमार ने बताया कि वे मंगलवार की सुबह 9 बजे मवेशी चराने जंगल की ओर गए थे। जहां गढ़चिरौली फोर्स के जवान और अफसर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही जवानों ने उन्हें नक्सलियों का सहयोगी बता दिया। आरोप लगाया कि एनकाउंटर के बाद भागे नक्सलियों का सामान एकत्रित करने जंगल में आए हैं। इसके बाद सभी को पुलिस जवानों ने रस्सी से बांध दिया। इसके बाद जमकर मारपीट की। ग्रामीण अपनी बात रखते रहे, लेकिन फोर्स के जवानों ने उनकी एक न सुनी और बेदम पिटाई करते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद उन्हें पास ही मौजूद एक गुफा में ले गए, जहां नक्सली का शव पड़ा हुआ था। जिसे उनसे ही बाहर निकलवाया गया, शाम तक फोर्स उन पर अत्याचार करती रही।
मोहला के जंगल में मुठभेड़, जिले के अफसरों को भनक तक नहीं लगी
जानकारी मुताबिक बीते दिनों गढ़चिरौली पुलिस ने जो एनकाउंटर किया है, वह मोहला के जंगल में हुआ है। मुठभेड़ वाला हिस्सा राजनांदगांव जिले में आता है। जहां गढ़चिरौली के फोर्स ने दाखिल होकर ऑपरेशन किया है। परेवाडीह और हिडकोटोला गांव में भी खून के धब्बे देखे गए हैं। इससे जिला पुलिस के सूचना तंत्र और एंटी नक्सल सेल के कार्य पर सवाल खड़ा हो रहा है। गढ़चिरौली की फोर्स ने जिले में दाखिल होकर 27 नक्सलियों को मार गिराया और यहां सर्च ऑपरेशन का दावा करने वाले अफसरों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।
आईजी ने नक्सल क्षेत्र के थानों का लिया जायजा, अफसरों से की चर्चा
इधर आईजी ओपी पाल बुधवार को भी मानपुर व मोहला इलाके के थानों में पहुंचे। दुर्ग रेंज आईजी का पद संभालने के बाद यह पाल का पहला दौरा है। उन्होंने मदनवाड़ा, औंधी, खड़गांव से लेकर मानपुर के थानों में अफसरों से मुलाकात की। जवानों का हौसला बढ़ाया और नक्सल मोर्चे पर चल रहे अभियान व प्लानिंग की पूरी जानकारी ली। आईजी पाल ने जवानों की समस्या भी पूछी। इधर मोहला थाने में हुए मारपीट की शिकायत को लेकर एएसपी पुपलेश पात्रे ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी ।
मानपुर के बाद मोहला में मारपीट से आक्रोश, कर सकते हैं आंदाेलन
रविवार रात ही दो थाना प्रभारियों ने मानपुर में बैरियर कर्मचारियों से बेवजह मारपीट की थी, इसके विरोध में मंगलवार को मानपुर बंद रहा। एसपी ने एसआई व एएसआई को लाइन अटैच भी किया। इसके बाद अब मोहला में ग्रामीणों से मारपीट का मामला सामने आया है। गढ़चिरौली की फोर्स की हरकत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश की स्थिति है। मामले की शिकायत मानव अधिकार आयोग से करने की तैयारी है। वहीं कुछ स्थानीय संगठन भी इस हरकत के खिलाफ आंदोलन कर सकते हैं।
थाने में शिकायत, ग्रामीण बोले- कार्रवाई जरूर हो
जिस परेवाडीह गांव में गढ़चिरौली की फोर्स पहुंची थी, वह मोहला थाना क्षेत्र का हिस्सा है। घटना के बाद पीड़ित बुधवार सुबह मोहला थाना पहुंचे। जहां उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मांग की है कि ऐसी हरकत करने वाले अफसरों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाए। गढ़चिरौली पुलिस की इस हरकत के खिलाफ पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत की स्थिति है।
आसपास के गांव में दबाव बना रही गढ़चिरौली फोर्स
ग्रामीणों ने बताया कि बीते दिनों हुए मुठभेड़ के बाद गढ़चिरौली पुलिस इलाके में बार-बार दखल दे रही है। सर्चिंग के नाम पर फोर्स इस हिस्से में दाखिल हो रही है और ग्रामीणों पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है। परेवाडीह के अलावा हिडकोटोला गांव व आसपास के हिस्से में भी फोर्स घुसी थी। जहां भी ग्रामीणों से दुर्व्यवहार किया गया। गढ़चिरौली फोर्स दबाव बना रही है। इससे पूरे इलाके के ग्रामीण दहशत में है। आरोप है कि नक्सल सहयोगियों के नाम पर बेवजह ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है।

Facebook Conversations