कुसमुंडा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमुंडा में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति के व्यवस्थापक श्री मनीष मिश्रा, कोषाध्यक्ष श्री रामेश्वर सोनी, पूर्व प्राचार्य श्री श्यामलाल चंद्रा और संस्था प्रमुख श्री चिंतामणि कौशिक ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ की।
जन्माष्टमी के अवसर पर शिशु वाटिका के बच्चों के लिए ‘श्री कृष्ण-राधा सजाओ प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। नन्हे भैया-बहनों ने राधा और बाल श्रीकृष्ण का रूप धारण कर अपनी आकर्षक वेशभूषा से सभी का मन मोह लिया। वहीं प्राथमिक विभाग के बच्चों ने ‘मैया यशोदा, यह तेरा कन्हैया’ गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
मिडिल विभाग के बच्चों के लिए अंधा मटका फोड़ प्रतियोगिता कराई गई, जबकि हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने टीम बनाकर पिरामिड दही हांडी प्रतियोगिता में भाग लिया। इन आयोजनों के जरिए बच्चों में टीम भावना, अनुशासन, सहयोग और एकजुटता की भावना को बढ़ावा मिला।
विद्यालय के प्राचार्य एवं संस्था प्रमुख श्री चिंतामणि कौशिक ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को सत्य, कर्म, कर्तव्य और प्रेम के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यगण, समिति के पदाधिकारी और निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का संचालन वरिष्ठ आचार्य श्री दीपचंद जंघेला ने किया। विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता से जन्माष्टमी समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ।

Facebook Conversations