मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया की अनूठी पहल: एक मंच पर दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का जादू
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर, के सिटी सेंटर मॉल में मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया के तत्वावधान में आयोजित ‘इंडियन गॉट टैलेंट प्रतियोगिता’ दिव्यांग और सामान्य बच्चों की प्रतिभाओं का शानदार संगम बनी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें 6 से 15 वर्ष और 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, संगीत और रैंप वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

आयोजन समिति की अध्यक्षा मेघा तिवारी ने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। इस आयोजन का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा डॉ. वर्णिका शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन समावेशी समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग और सामान्य बच्चों को एक समान मंच देना न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और समानता का संदेश भी देता है।

विशिष्ट अतिथि आकाश तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक प्रतिभा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन छत्तीसगढ़ आइडल-2009 एवं 'वॉइस ऑफ कैलाश खेर' से प्रसिद्ध संदीप राव, स्नेहा पांडेय और सीमा छाबड़ा ने किया।

कार्यक्रम में इट्सा हॉस्पिटल सिल्वर एवं सपोर्टिंग पार्टनर के रूप में शामिल रहा। शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ अर्पण पब्लिक स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सरिता झा ने किया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations