मार्च की गर्मी : 7 तक दिन का तापमान 36 डिग्री रहने के आसार
त्वरित ख़बरें -

बुधवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री रहा। मंगलवार की तुलना में दिन व रात का पारा 0.5 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 7 मार्च तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं रात का पारा 20 डिग्री पर पहुंचने का अनुमान है। इस स्थिति में लोगाों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ेगा। जिसे ध्यान में रखते हुए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने लू के लिए अलर्ट जारी किया है।


बालोद सीएमएचओ डॉ. जेएल उइके ने बताया कि तापमान में वृद्धि होने के कारण \"लू\" लगने की संभावना अधिक होती है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर-पूर्व तथा दक्षिण-पूर्व से हल्की नमी युक्त हवा वातावरण के निम्न स्तर पर लगातार आ रही है। इस वजह से आने वाले समय में दिन व रात का पारा बढ़ने का अनुमान है।

जानिए, लू के लक्षण, ऐसा होने पर नजरअंदाज न करें

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लू के प्रमुख लक्षण में सिर में भारीपन और दर्द का अनुभव होना। तेज बुखार के साथ मुंह का सूखना, चक्कर और उल्टी आना कमजोरी के साथ शरीर में दर्द होना, शरीर का तापमान अधिक होने के बावजूद पसीने का न आना, अधिक प्यास लगना और पेशाब कम आना, भूख न लगना व बेहोश होना सहित अन्य कारण शामिल है। इस स्थिति में डॉक्टरों से संपर्क करें। 104 आरोग्य सेवा केन्द्र से निशुल्क परामर्श ले सकते है। उल्टी, सिर दर्द, तेज बुखार होने पर डॉक्टर से जरूरी सलाह लें।

इससे बचने के लिए यह करें आप, कारणों को जानें

लू लगने का प्रमुख कारण तेज धूप और गर्मी में ज्यादा देर तक रहना है। इस स्थिति में शरीर में पानी की कमी हो जाती है। ऐसे में लू से बचने के लिए तेज धूप में घर से बाहर ना निकलें। अगर निकल रहे है तो पहले सिर व कान को कपड़े से अच्छी तरह से बांध लें, पानी अधिक मात्रा में पीए। अधिक समय तक धूप में न रहे। गर्मी के दौरान नरम, मुलायम सूती के कपड़े पहनें ताकि हवा मिलता रहें और कपड़ा पसीने को सोखता रहें। अधिक पसीना आने की स्थिति में ओआरएस की घोल बनाकर पी लें। चक्कर आने पर आराम करें।

लू की चपेट में आने पर यह करें, हेल्पलाइन नंबर जारी
लू लगने पर बुखार पीड़ित व्यक्ति के सिर पर ठंडे पानी की पट्टी लगाएं। अधिक पानी व पेय पदार्थ पिलाएं जैसे कच्चे आम का पना, जलजीरा आदि, पीड़ित व्यक्ति को पंखे के नीचे हवा में लेटा देवें, शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव करते रहे। नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाएं। मितानीन, एएनएम से ओआरएस की पैकेट के लिए संपर्क करें। लू संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना व जानकारी के लिए जिला सर्विलांस इकाई बालोद के मोबाइल नंबर 7869210002, 7587263800 एवं टोल फ्री नंबर 104 पर संपर्क करें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations