विजयाशमी पर्व के अवसर पर शुक्रवार को ट्विनसिटी में 40 से अधिक स्थानों पर रावण के पुतले का दहन किया गया। कहीं अहंकार रूपी, तो कहीं कोरोना रूपी रावण का दहन किया गया। सबसे चौकाने वाली बात यह थी कि रावण दहन के लिए कलेक्टर ने जो कोविड गाइडलाइन जारी की थी उसका कहीं भी पालन होता नहीं दिखा। सभी जगह बिना मास्क लोगों की बेतहासा भीड़ थी। सेनेटाइजर तो दूर किसी एक भी गाइडलाइन का पालन होता नहीं दिखा।
आपको बता दें कि बैकुंठधान, खुर्सीपार, सेक्टर एरिया, रिसाली सेक्टर, दुर्ग शहर सहित कई जगह अलग अलग समितियों ने भव्य आयोजन कर रावण पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया। दो दिन पहले ही जिला प्रशासन ने एक कोविड गाइडलाइन जारी की थी। इसके तहत कार्यक्रम के दौरान मैदान क्षमता का 50 प्रतिशत भीड, डीजे ढोल ताशे न बजाने, सांस्कृतिक कार्यक्रम न करने, कार्यक्रम में आने वाले लोगों का नाम पता मोबाइल नंबर लिखने जैसे कई नियम पालन करने का निर्देश दिया गया था। समितियों ने रावण दहन की अनुमति के लिए गाइडलाइंस के सभी नियमों का पालन करने वादा तो कर दिया, लेकिन अनुमति मिलने के बाद आधे से अधिक कार्यक्रम अपनी मर्जी से कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए राजनीतिक रंग की भेंट चढ़ गए।
एकता सेवा समिति द्वारा दशहरा मैदान आइटीआइ जोन-एक खुर्सीपार में कोरोना रूपी रावण का दहन किया गया। इस अवसर पर भजन व जगराता का प्रदर्शन प्रमुख रूप से हुआ। आकर्षक आतिशबाजी भी हुई। न्यू खुर्सीपार, सेक्टर-2, शांति नगर दशहरा मैदान, बैकुंठ धाम, कैंप-1, शाही दशहरा उत्सव समिति, हुडको में भी विजयदशमी पर्व मनाया गया। इसके अलावा आदर्श सांस्कृतिक रिसाली में भी भव्य आयोजन हुआ।
असत्य पर हमेशा सत्य की जीत होती है - सीएम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुम्हारी में विजयादशमी पर्व पर कहा कि मार्यदा पुरषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों को हमे आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि असत्य पर हमेशा सत्य की जीत होती है। मुख्यमंत्री भिलाई-चरोदा में भी विजयादशमी आयोजन में शामिल हुए।

Facebook Conversations