राजनांदगांव 22 जुलाई 2022।
कलेक्टर डोमन सिंह आज मोहला-मानपुर क्षेत्र के भ्रमण पर रहे। इस दौरान कलेक्टर ने विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण कर संचालित सुविधा, संसाधन से रूबरू हुए। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी सभी मामलों का निराकरण निर्धारित समय अवधि में करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की सबसे बड़ी समस्या राजस्व से संबंधित मामलों को लेकर होती है। उन्होंने लंबित राजस्व मामलों की जानकारी लेकर कहा कि आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए सुविधाजनक तरीके से लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय के कक्षों में पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अधिकारी से कहा कि जनसामान्य के हितों को ध्यान में रखते हुए तत्काल समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर सिंह ने मोहला-मानपुर में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संचालन की जानकारी शाला के प्राचार्य से ली। कलेक्टर के मानपुर में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को अपना आशीर्वचन एवं सीख देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पूरी लगन के साथ पढ़ाई करें। अपने शिक्षकों के द्वारा बताई जा रही शिक्षाप्रद बातों को स्मरण करें। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन अमूल्य है। इसका हर समय सदुपयोग करें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा दसवीं एवं कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। विद्यार्थी इस कोचिंग का लाभ अवश्य उठाएं।
कलेक्टर ने अपने निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत तोलूम नवागांव में निर्मित गौठान का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि आजीविका संवर्धन के लिए गौठान योजना संचालित किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को स्थापित रोजगार निर्मित करने में मदद मिल रही है। उन्होंने समूह को गोबर खरीदी से लेकर आजीविका मिशन के तहत बहुआयामी गतिविधियों का संचालन करने के सुझाव दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह ऐसी योजना है, जिसके माध्यम से हम अपने गांव और घर में ही रहकर कई प्रकार की योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके जरिए रोजगार के साथ-साथ आमदनी का अच्छा स्रोत निर्मित कर सकते हैं। कलेक्टर ने नवगठित अम्बागढ़ चौकी-मोहला-मानपुर जिले के लिए प्रस्तावित जिला कलेक्टर कार्यालय का भी मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर कार्यालय जिले का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय होता है। इसके लिए सभी विभागों के संचालन के लिए सुविधायुक्त कार्यालय भवन की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रस्तावित कार्यालय में नवीन जिला कार्यालय प्रारंभ हो तो जाएगा। लेकिन आने वाले समय में प्रशासनिक कार्यालय और गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए नवीन जिला कार्यालय की आवश्यकता होगी। इसके लिए उन्होंने चिन्हांकित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उपयुक्त स्थान पर कार्यालय बनाने के लिए सभी जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम ललितादित्य नीलम, एसडीएम अमित योगी, जनपद सीईओ मंडले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Facebook Conversations