महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत आज जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 27 स्थित बंधवा तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान, जल स्रोत जागरूकता और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सुबह 8 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा समेत जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, नगरपालिका और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान किया। जिले के सभी नगरीय निकायों में भी जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सफाई और पौधरोपण किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने हाथ में झाड़ू लेकर की सफाई
कार्यक्रम में सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने हाथों में झाड़ू लेकर तालाब परिसर और आसपास फैले कचरे की सफाई की।
इस दौरान कलेक्टर विनय लंगेह, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
सांसद ने कहा - जल स्रोत जीवन का आधार
सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि जल स्रोत हमारे जीवन का आधार हैं। इनकी स्वच्छता सिर्फ प्रशासन की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अगर हम तालाब, कुएं और अन्य जल स्रोतों को साफ रखेंगे तो आने वाली पीढ़ी के लिए जल संरक्षण हो सकेगा। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को आदत बनाने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की।
विधायक बोले - जनभागीदारी से ही होगा स्वच्छ महासमुंद
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता का काम किसी एक व्यक्ति का नहीं है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ और हरा-भरा महासमुंद बनाया जा सकता है। तालाब हमारे पारंपरिक जल स्रोत हैं, इनके संरक्षण से भूजल स्तर बना रहेगा। उन्होंने लोगों से तालाब में कचरा न डालने की अपील की।
स्वच्छता अभियान के बाद बंधवा तालाब परिसर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधरोपण किया और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

Facebook Conversations