विकासखंड देवभोग के ग्राम झाखरपारा में आयोजित हुआ शिविर...
गरियाबंद | सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतर्गत जिले में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज देवभोग विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झाखरपारा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जहां झाखरपारा सहित आसपास गांव के लोगों ने भी उपस्थित होकर अपने - अपने आवेदनों के निराकरण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में जिला पंचायत सीईओ जीआर मरकाम एवं प्रशासनिक अधिकारियो ने शामिल होकर लोगों को विभागीय योजनाओं एवं उनके आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने शिविर स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण कर लोगों को लाभान्वित किये जा रहे गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही शिविर में मौजूद लोगों को जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण कर पर्यावरण बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई। उन्होंने लोगों को जल के बचाव के लिए कार्य करते हुए फसल परिवर्तन एवं जल संरक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक किया।शिविर में केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान शिविर में पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, एसडीएम तुलसीदास मरकाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारीगण एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष कश्यप ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि समस्त योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को मिले। साथ ही उनके सभी समस्याओं का निराकरण भी हो। इसी उद्देश्य से सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इसके अगले चरण में समाधान शिविरों का आयोजन जिले में किया जा रहा है। इसके तहत लोगों की समस्याओं का यथा संभव निराकरण भी किया जा रहा है। जिससे लोगों को उनके आवेदनों के निराकरण की जानकारी उनके गांव के पास ही शिविर लगाकर दी जा रही है।

Facebook Conversations