बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में खस्ताहाल सड़क एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गई। कसडोल थाना क्षेत्र के कसडोल-कटगी मेन रोड (NH-130B) पर ग्राम पीसीद के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को डायल-112 की टीम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
रायपुर से इलाज कर लौट रहे थे ओडिशा
जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 PP 4032 (खरोरा) रायपुर से मरीजों का इलाज कराकर बरगढ़ (ओडिशा) लौट रही थी। वाहन में मरीज, उनके परिजन, चालक और हेल्पर समेत कुल 8 लोग सवार थे। जैसे ही एम्बुलेंस ग्राम पीसीद स्थित पुल के पास पहुंची, सड़क पर बने गड्ढे से वाहन उछल गया और तेज रफ्तार होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद एम्बुलेंस सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
एम्बुलेंस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
डायल-112 और निजी एम्बुलेंस चालक ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना की डायल-112 (बाज-01) टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। इसी दौरान ग्राम छांछी के निजी एम्बुलेंस चालक हरनारायण साहू भी अपनी दो एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे समय रहते उनका इलाज शुरू हो सका।
6 लोग घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे में कुल 6 लोगों को सिर, पीठ, छाती, पेट, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य चार लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। एम्बुलेंस के चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं।
खस्ताहाल सड़क पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि कसडोल-कटगी मेन रोड (NH-130B) पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क की बदहाल स्थिति और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने घटना की जानकारी दर्ज कर ली है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Facebook Conversations