गुरुर में विद्युत सुरक्षा कार्यशाला आयोजित, लाइन कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का दिया प्रशिक्षण
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

गुरुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत वितरण केंद्र गुरुर में निरीक्षण के साथ महत्वपूर्ण विद्युत सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सबडिविजन गुरुर सहित गुरुर, पलारी और पुरुर वितरण केंद्रों में पदस्थ लाइन कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मैदानी कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और रखरखाव के साथ विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना था। अधिकारियों ने विद्युत लाइनों पर काम करते समय बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता एस. मनोज ने तकनीकी एवं ठेका कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने और लाइन मेंटेनेंस के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्युत सुरक्षा के बुनियादी सिद्धांतों को समझकर और उनका पालन करके ही विद्युत दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। अधिकांश हादसे छोटी-छोटी लापरवाही के कारण होते हैं, इसलिए सुरक्षा उपकरणों का पूरा उपयोग करते हुए सतर्कता से काम करना जरूरी है।

सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण

कार्यशाला के दौरान कर्मचारियों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, दस्ताने, टेस्टर, डिस्चार्ज रॉड सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने इन उपकरणों के सुरक्षात्मक उपयोग का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया और बताया कि विद्युत लाइनों पर कार्य करते समय इनका इस्तेमाल किस तरह किया जाना चाहिए।

मैदानी कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सहकर्मियों और आम नागरिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने शून्य विद्युत दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता अनसुईया ठाकुर, सहायक अभियंता एच.के. यादव, कनिष्ठ अभियंता दुष्यंत पोया एवं उदिता साहू सहित विद्युत विभाग के तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations