घरेलू सामान की डिलिवरी करने गए डिलिवरी बॉय की सड़क हादसे में मौत
त्वरित खबरे

नई दिल्ली 22 मई 2022

Image

 द्वारका में एक डिलिवरी बॉय की सड़क हादसे में मौत के बाद एक बार फिर डिलिवरी बॉयज चर्चा में आ गए हैं। खासकर, ऐसे समय में जब कंपनियों में जल्दी से जल्दी कस्टमर्स के ऑर्डर को उनके दरवाजे तक पहुंचाने की होड़ मची हुई है। कोई कंपनी 30 मिनट, कोई 20 मिनट तो कोई 10 मिनट के अंदर आपके ऑर्डर को आप तक पहुंचाने का दावा कर रही हैं। इस होड़ से कंपनियां मुनाफा तो जरूर कमा रही हैं और कस्टमर भी खुश हो रहे हैं, लेकिन डिलीवरी बॉयज पर बेवजह का दबाव बढ़ गया है। पुलिस अधिकारी भी इस तरह की होड़ को सही नहीं मानते।

चिंता रहती है कहीं लेट न हो जाए
द्वारका सेक्टर-14 के पास अपने ऑर्डर के तैयार होने का इंतजार कर रहे एक डिलिवरी बॉय ने कहा कि भले उनकी कंपनी को इस बात की फिक्र नहीं है कि पेट्रोल की कीमतें कितनी बढ़ गई हैं, लेकिन उन्हें इस बात की हमेशा चिंता रहती है कि ऑर्डर कितनी देर में डिलिवर हुआ। हालांकि उनके यहां अभी डिलिवरी को लेकर कोई टाइम फिक्स नहीं है, लेकिन डिलिवरी बॉय के टाइम को नोट जरूर किया जाता है। पहले तो पिज्जा और फूड डिलिवरी कंपनियों के बीच ऐसी होड़ चलती थी, लेकिन अब यह होड़ आगे बढ़ते हुए घरेलू सामान की डिलीवरी करने वाली कंपनियों तक पहुंच गई है।

डिलिवरी बॉय को आती हैं क्या दिक्कतें

  • कई जगह पाइप लाइनों या सड़क खुदाई का काम चल रहा होता है तो ट्रैफिक निकलने में होती है मुश्किल
  • कई बार सड़क पर बस या कोई गाड़ी खराब होने पर व अन्य स्थितियों की वजह से जाम लगा होता है
  • कई बार उन्हें पुलिस चेकिंग के लिए भी रोक लिया जाता है
  • गर्मी के मौसम में बाइक भी जल्दी गर्म होकर खराब होने लगती है
Image

कस्‍टमर कॉल करे तो दबाव बढ़ता है
इसे लेकर कई बार सोशल मीडिया से लेकर संसद तक में विरोध जताए गए हैं। एक ग्रॉसरी डिलिवरी कंपनी से जुड़े डिलिवरी बॉय वरुण ने बताया कि लॉकडाउन से पहले तक सब ठीक था। बाइक या स्कूटर की जरूरत होती थी। लेकिन लॉकडाउन के बाद से टाइम को लेकर तनाव बहुत अधिक हो गया है। अब कम समय में डिलिवर करने की होड़ है। अगर कस्टमर की एक कॉल आ जाती है कि देरी क्यों हुई, तो हमारी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। जबकि कंपनियों को इन चीजों से कोई सरोकार नहीं कि सड़कों पर जाम है या रेड लाइट है या फिर कहीं कोई हादसा हुआ है। कई बार तो हम देरी होने पर खुद कस्टमर को फोन पर कहते हैं कि थोड़ा लेट हो रहा है। कई बार ग्राहक समझ जाते हैं, तो कई बार भड़क भी जाते हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations