राजनांदगांव : शासकीय शिवनाथ साइंस महाविद्यालय एवं कमला देवी राठी कन्या महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थियों को इस वर्ष विश्वविद्यालय की ऑनलाइन परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पारिवारिक एवं अनिवार्य परिस्थितियों के चलते इन विद्यार्थियों को मध्य सेमेस्टर में अपने पुराने महाविद्यालयों से हटकर वर्तमान महाविद्यालयों में प्रवेश लेना पड़ा था, परंतु विश्वविद्यालय पोर्टल पर अभी भी उनके पूर्व महाविद्यालय का नाम ही प्रदर्शित हो रहा है, जिसके कारण वे अपने नए महाविद्यालय से परीक्षा फॉर्म भरने में असमर्थ हैं। यह स्थिति विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य के लिए गंभीर संकट उत्पन्न कर रही है।इस समस्या को गंभीरता से देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आज कुलपति, उच्च शिक्षा अधिकारी एवं उच्च शिक्षा मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। परिषद ने इसे विश्वविद्यालय की तकनीकी और प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।ज्ञापन में प्रमुख रूप से यह माँग की गई कि विश्वविद्यालय पोर्टल पर विद्यार्थियों के महाविद्यालय का नाम तुरंत अद्यतन किया जाए तथा महाविद्यालय परिवर्तन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ रिकॉर्ड में संशोधित किया जाए। साथ ही, जब तक त्रुटि पूरी तरह ठीक नहीं होती, तब तक प्रभावित विद्यार्थियों को अस्थायी रूप से परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति दी जाए, जिससे कोई भी विद्यार्थी परीक्षा से वंचित न हो।परिषद ने कुछ अतिरिक्त माँगें भी रखीं, जिनमें विश्वविद्यालय में एक विशेष तकनीकी सेल की स्थापना, पोर्टल पर रीयल-टाइम डेटा अपडेट, प्रक्रिया में पारदर्शिता, तथा प्रत्येक महाविद्यालय के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करना शामिल है।इस अवसर पर नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव ने कहा,“परीक्षा के समय विद्यार्थियों को तकनीकी परेशानियों से जूझना पड़े, यह अत्यंत चिंताजनक है। विद्यार्थियों का भविष्य सर्वोपरि है और ABVP किसी भी स्थिति में इसे प्रभावित नहीं होने देगी। यदि समय पर समाधान नहीं हुआ, तो परिषद आंदोलन के लिए भी तैयार है।”वहीं नगर सहमंत्री भूपेंद्र पाल ने कहा,“यह समस्या तकनीकी होते हुए भी विद्यार्थियों के पूरे वर्ष को प्रभावित कर रही है। विश्वविद्यालय को इसे तुरंत सुधारना चाहिए।”ज्ञापन सौंपते समय नगर SFD प्रमुख कुलदीप पाल, नगर कार्यकारिणी सदस्य त्रिलोक, विकास, राहुल, रोहन, तथा दोनों महाविद्यालयों के विद्यार्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने इस मुद्दे को अत्यंत गंभीर बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की।अंत में ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि वह विद्यार्थियों के हित में शीघ्र, प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।

Facebook Conversations