21 नवम्बर 2022
डोंगरगढ़ : शहर के सबसे व्यस्ततम मेन रोड की ट्रैफिक समस्या जल्द ही दूर होगी। क्योंकि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत बनीं दुकानों के आवंटन का रास्ता साफ हो गया है। इससे सबसे बड़ा फायदा ट्रैफिक समस्या दूर होने से मिलेगी। दुकानों की आवंटन के बाद पुराना बस स्टैंड से अस्थाई दुकानें सामने से हटेगी और दुकानदार नए दुकानों में शिफ्ट होंगे। सामने की अस्थाई दुकानें हटने से पुराना बस स्टैंड की चौक काफी चौड़ी हो जाएगी। इससे चौक में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। सड़क चौड़ीकरण का रास्ता भी साफ हो जाएगा।
नगर पालिका सीएमओ प्रमोद शुक्ला ने चार्ज लेते ही सबसे पहले दुकानों की आवंटन की फाइल खोली और आवंटन के लिए तय की गई समिति के सदस्यों से संपर्क किया और पात्र लोगों को प्राथमिकता देते हुए आवंटन कराया। प्राथ मिकता में शामिल लोगों को आवंटित करने के बाद अब कुछ ही दुकानों का आवंटन शेष है। जिन्हें भी जल्द आवंटित होगा। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत बनीं दुकानों में से पहले फेज का आवंटन होने के बाद क्षेत्र में योजना के तहत बनीं अन्य दुकानों का भी आवंटन प्रक्रिया जल्द होने की उम्मीद है।
भारी वाहन शहरी सीमा से बाहर होकर निकलेंगे
शहर की हैवी ट्रैफिक समस्या से निपटने के लिए बायपास का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए शनिवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सांसद संतोष पांडे से मुलाकात कर ज्ञापन दिया। बताया गया कि बायपास बनने से शहर में भारी गाड़ियों का दबाव खत्म हो जाएगा। भारी वाहन शहरी सीमा से बाहर होकर निकलेंगे। हैवी ट्रैफिक के दबाव से हादसों पर भी विराम लगेगा।
मुख्य मार्ग के चौड़ा होने की भी संभावना बढ़ेगी
शहर के मुख्य चौक में अस्थाई दुकानों के हटने से चौक काफी चौड़ी हो जाएगी। इससे ट्रैफिक समस्या से निजात तो मिलेगी ही साथ ही जाम लगने की नौबत नहीं आएगी। मेन चौक चौड़ी होने से मुख्य मार्ग के चौड़ा होने का रास्ता भी साफ हो जाएगा। आने वाले समय में डिवाइडर रोड बनने के लिए उपयुक्त रास्ता बनेगा।
नगर पालिका के राजस्व में भी बढ़ोतरी हो जाएगी
मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत शहर में पांच स्थानों पर दुकानें बनीं है। लेकिन आवंटन नहीं होने से बेरोजगारों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। पुराना बस स्टैंड में दुकानों के आवंटन के बाद योजना के तहत बने अन्य स्थानों पर बने दुकानों का आवंटन जल्द होने का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे नगर पालिका के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।

Facebook Conversations