4 अक्टुबर 2022
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में देवी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी नगर निगम और जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। विसर्जन को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन मुस्तैद है। इसी कड़ी में शहर के सात घाटों में 13 क्रेन की व्यवस्था की गई है। किसी अनहोनी से निपटने 16 गोताखोर तैनात रहेंगे।
प्रशासन ने प्रेमपुरा से लेकर खटलापुरा घाट तक तैयारियां पूरी कर ली है। विसर्जन के पहले घाट और तालाब की सफाई भी की गई है। घाटों पर टेलीस्कॉपिंग और रिवॉल्विंग क्रेन की व्यवस्था है। बैरिकेड लगाकर अभी से पुलिस प्रशासन मौजूद है। इस बार करीब 1 हजार से भी ज़्यादा मूर्तियों का विसर्जन होगा। बतौर सुरक्षा विसर्जन घाट से 50 मीटर दूर वाहनों को रोक दिया जाएगा। अप्रिय स्थिति से बचने एक हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे। आज से शुरू होकर ग्यारस तक मूर्ति विसर्जन होंगे।
इस संबंध में भोपाल पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर का बयान सामने आया है। दुर्गा मूर्ति विसर्जन, चल समारोह, दशहरे को लेकर सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन स्थल पर पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। पानी के अंदर उतरकर मूर्ति विसर्जन की अनुमित किसी को नहीं दी जाएगी। विसर्जन और चल समारोह को लेकर रूट का डायवर्सन भी किया गया है।

Facebook Conversations